झींकपानी में ‘विधान से समाधान’ कार्यक्रम, महिलाओं के लिए कानून और कल्याणकारी योजनाओं पर जागरूकता*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकार रांची के निर्देशानुसार, जिला विधिक सेवा प्राधिकार पश्चिमी सिंहभूम चाईबासा द्वारा झींकपानी प्रखण्ड कार्यालय परिसर में विधान से समाधान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण और राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वावधान में हुआ, जिसका उद्देश्य महिलाओं के हितों की रक्षा और कानून से संबंधित जागरूकता फैलाना था।
मुख्य वक्ता, एल ए डी सी के उप प्रमुख सुरेंद्र प्रसाद दास ने महिलाओं से जुड़े क़ानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि मातृशक्ति आज हर क्षेत्र में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रही है और महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना चाहिए। उन्होंने नालसा के टॉल फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बताया, जिस पर महिलाएं अपनी किसी भी समस्या के लिए कॉल कर सकती हैं।
कार्यक्रम में पी एल वी नानकु मुंडा ने महिलाओं की स्वावलंबिता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों पर बात की और बताया कि महिला कल्याण के लिए सरकार द्वारा कई योजनाएं चलाई जा रही हैं।
इस अवसर पर पीएलवी सूरज कुमार ठाकुर, पंचायत सदस्य, जेंडर स्पेशलिस्ट, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं, समूह सखी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और अन्य महिलाएं भी मौजूद रहीं।