सारंडा-कोल्हान में नक्सली गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा बलों का अभियान, दो आईईडी बरामद और नष्ट

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया और अश्विन अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों के लिए सक्रिय हैं। इस खतरे को देखते हुए चाईबासा पुलिस, कोबरा 209 बटालियन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की 60, 197, 174, 193, 134 और 26 बटालियन की संयुक्त टीम द्वारा लगातार सघन नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में खुफिया जानकारी के आधार पर कोल्हान क्षेत्र में नक्सली दस्ते की उपस्थिति की सूचना मिली। इसके आलोक में 22 फरवरी 2025 से जेटेया थाना क्षेत्र के आसपास के पहाड़ी और जंगल क्षेत्रों में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया गया।
अग्रतर सर्च अभियान के दौरान, सुरक्षा बलों को झिरझोर के आसपास के जंगल और पहाड़ी क्षेत्र में नक्सलियों द्वारा लगाए गए दो आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) बरामद हुए। सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के लिए पूर्व में लगाए गए इन विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते की सहायता से सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया गया।
सुरक्षा बलों का यह अभियान जारी है, जिससे नक्सली गतिविधियों पर कड़ा प्रहार किया जा सके। जिसमें 02-02 किलोग्राम वजन के 02 आईईडी बम बरामद किया गया है।