Crime

अनैतिक देह व्यापार का विरोध करने पर युवक पर जानलेवा हमला

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर के सोनारी थाना क्षेत्र में अनैतिक देह व्यापार का विरोध करने पर एक युवक पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। पीड़ित तरूण शर्मा, निवासी लोहार लाइन, बैर झबड़ा, सोनारी, ने आरोप लगाया है कि होटल अमोरी, पुराना सीपी क्लब के समीप, संचालित किया जा रहा अनैतिक देह व्यापार लंबे समय से उनके और अन्य स्थानीय निवासियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था।

तरूण शर्मा के अनुसार, उन्होंने और अन्य स्थानीय निवासियों ने होटल संचालक मनीष सिंह उर्फ अभिषेक सिंह और रोनी सिंह से इस अवैध गतिविधि को रोकने की मांग की थी। यह क्षेत्र घनी आबादी वाला है, जहां स्कूल, मंदिर और नर्सिंग होम भी स्थित हैं। इसके बावजूद, होटल में दिन-रात संदिग्ध गतिविधियाँ जारी थीं, जिससे स्थानीय लोग आक्रोशित थे।

घटना 24 फरवरी की रात करीब 9 बजे की है, जब तरूण शर्मा ने होटल में संदिग्ध गतिविधि को देखकर विरोध किया। इसके बाद, होटल संचालक मनीष सिंह और रोनी सिंह ने अपने कर्मचारियों के साथ मिलकर उन पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। पीड़ित के सिर, ललाट और बाईं आंख पर गंभीर चोटें आईं, जिससे खून बहने लगा। हमलावरों ने उन्हें जबरन गली में घसीटा और जान से मारने की धमकी दी।

 

तरूण शर्मा की चीख-पुकार सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह उन्हें बचाया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुँची और घायल को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 

पीड़ित ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया कि मनीष सिंह, जो केंद्रीय शांति समिति का सदस्य भी है, प्रशासनिक अधिकारियों से संपर्क कर उन पर दबाव बनाने और फर्जी मामलों में फंसाने की धमकी दे रहा है।

सोनारी थाना पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और आगे की कार्रवाई कर रही है। पीड़ित और स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से अवैध गतिविधियों पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related Posts