कोल्हान विश्वविद्यालय के खाते से 1.58 करोड़ की अवैध निकासी, तीन गिरफ्तार
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में कोल्हान विश्वविद्यालय, चाईबासा के बैंक खाते से अज्ञात अपराधियों द्वारा ₹1,58,96,800/- (एक करोड़ अठावन लाख छियानवे हजार आठ सौ रुपये) की अवैध निकासी का मामला सामने आया है। विश्वविद्यालय के कुलसचिव द्वारा मुफ्फसिल थाना, चाईबासा में इस संबंध में आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।
विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन
कांड की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, पश्चिम सिंहभूम, चाईबासा के निर्देश पर एक विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया। इस टीम का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) श्री पारस राणा, सहायक पुलिस अधीक्षक (परि.) श्री निखिल राय और सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कर रहे हैं।
तकनीकी जांच और छापेमारी अभियान
चाईबासा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तकनीकी आधार पर जांच शुरू की। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ओडिशा, पश्चिम बंगाल, छत्तीसगढ़, रामगढ़, रांची और बोकारो समेत कई स्थानों पर छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से भारी मात्रा में नकदी और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
1. धनंजय कुमार प्रजापति (35 वर्ष) – मूल निवासी कसमार, बोकारो, वर्तमान में रामगढ़ में रह रहा था।
2. संजय कुमार (35 वर्ष) – ESAF बैंक, कडरू शाखा, रांची का असिस्टेंट मैनेजर।
3. अमृता शर्मा (26 वर्ष) – यस बैंक, चास शाखा, बोकारो की कर्मचारी।
बरामद सामान
1. ₹14,80,000/- नकद
2. 5 मोबाइल फोन
3. 1 एटीएम कार्ड
4. 73 बैंक चेक
₹93 लाख की रकम डेबिट फ्रीज
पुलिस ने जांच के दौरान विभिन्न बैंकों से संपर्क कर ₹93 लाख की राशि को डेबिट फ्रीज करवाया है। इस रकम को वापस वादी के खाते में रिइम्बर्स करने की प्रक्रिया चल रही है।
आगे की कार्रवाई जारी
गिरफ्तार अभियुक्तों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है, और उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। चाईबासा पुलिस शेष आरोपियों की गिरफ्तारी और शेष राशि की बरामदगी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।