नवोदय विद्यालय की छात्राओं को आत्मरक्षा के प्रशिक्षण से सशक्त किया गया*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में प्रधानमंत्री श्री योजना के तहत जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा (बैकुंठपुर, जिला कोरिया) में प्रसिद्ध सेल्फ डिफेंस ट्रेनर मास्टर सईद आलम ने 165 छात्राओं को आत्मरक्षा की ट्रेनिंग दी।
विद्यालय की प्राचार्य एस.के. मिश्रा ने बताया, “हमारा उद्देश्य छात्राओं को उनके रोजमर्रा के जीवन में अधिक सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाना है। आत्मरक्षा सिर्फ शारीरिक तकनीकों तक सीमित नहीं है, यह छात्राओं के आत्मविश्वास और जागरूकता को भी बढ़ाती है।”
कार्यशाला में छात्राओं को बुनियादी आक्रमण और रक्षा तकनीक, साथ ही खतरनाक परिस्थितियों से बचाव के उपायों का अभ्यास कराया गया। उपप्राचार्य राजू दुबे ने कहा कि छात्राओं को आधुनिक और पारंपरिक सुरक्षा उपकरणों की मदद से आत्मरक्षा के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई, जिससे उनका आत्मविश्वास दोगुना हो गया।
पीटी टीचर प्रीति यादव ने मास्टर सईद आलम का परिचय देते हुए बताया कि वे ब्लैक बेल्ट (आठवां डान) और सरकार से मान्यता प्राप्त सेल्फ डिफेंस ट्रेनर हैं। उन्होंने पिछले 40 वर्षों में 1 लाख से अधिक छात्राओं और महिलाओं को प्रशिक्षण दिया है। मास्टर आलम को 16 अंतरराष्ट्रीय और 31 राष्ट्रीय पुरस्कार मिल चुके हैं, और वे “वर्ल्ड ग्रेटेस्ट मार्शल आर्टिस्ट” किताब में अपना नाम दर्ज कराने वाले पहले भारतीय कोच हैं। इसके अलावा, उन्हें मार्शल आर्ट्स में डॉक्टरेट की उपाधि भी प्राप्त है।
कार्यशाला के अंत में छात्राओं ने आत्मरक्षा की तकनीकों का शानदार प्रदर्शन किया। वैशाली, राही, जैसमिन बानो, राजनंदनी, ओजस्वी दुबे, मनस्वी तिवारी, ज्योति मरावी, अनिता जायसवाल, श्रेयांशी साकेत, ऋचा सिंह और संस्कृति मंडल ने अपने कौशल का अद्भुत प्रदर्शन किया और सभी को प्रभावित किया।
कार्यक्रम का संचालन प्रीति यादव ने किया, जबकि बहादुर सिदार ने आभार व्यक्त किया।