पोटका के सोहदा में शराबी पति ने गला दबाकर की पत्नी की हत्या,शव के साथ रात भर सोया रहा, हुआ गिरफ्तार

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:पोटका प्रखंड के सोहदा गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी के दो साल बाद ही एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी सुनिल सिंह ने मंगलवार देर रात नशे की हालत में अपनी पत्नी देविका सिंह (20) के साथ मारपीट की और गला दबाकर उसकी जान ले ली। हैरानी की बात यह रही कि हत्या करने के बाद वह पूरी रात पत्नी के शव के साथ एक ही बिस्तर पर सोया रहा। सुबह जब घटना का खुलासा हुआ, तो पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
शादी के बाद से ही करता था प्रताड़ित
मृतका की बहन सीमा सिंह ने बताया कि देविका ने दो साल पहले सुनिल सिंह से प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद से ही सुनिल उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करता था। आए दिन नशे की हालत में घर आकर मारपीट करता था। कुछ महीने पहले जब देविका गर्भवती हुई, तो मायकेवालों ने उसे ससुराल भेजने से पहले सुनिल को समझाया था कि वह अब अपनी हरकतें बंद कर दे। लेकिन उसने फिर भी अपनी पत्नी को प्रताड़ित करना जारी रखा।
शरीर पर मिले चोट के निशान
देविका की बहन ने बताया कि शव पर चोट के कई निशान मिले हैं। उसकी छाती, पीठ और गले पर गंभीर चोटें थीं, जिससे साफ पता चलता है कि उसे बेरहमी से पीटने के बाद उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
पोटका थाना प्रभारी रवि होनहागा ने बताया कि जांच में साफ हो गया है कि यह हत्या का मामला है। आरोपी सुनिल सिंह रोज शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट करता था और बीती रात उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। वहीं, देविका के शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।