Crime

राजनगर में विवाहिता का शव पेड़ से लटका मिला, पुलिस जांच में जुटी

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर थाना अंतर्गत जोनबनी पंचायत के विश्रामपुर गांव में एक विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान 45 वर्षीय बासी हेम्ब्रम के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से उतारकर पंचनामा किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला भेज दिया गया।

चार माह पहले हुई थी शादी

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बासी हेम्ब्रम की शादी चार महीने पहले विश्रामपुर गांव के बड़ा लताई हेम्ब्रम से हुई थी। शादी के बाद दोनों के बीच सब कुछ सामान्य चल रहा था। मंगलवार को बासी हेम्ब्रम स्नान करने के लिए घर से निकली, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो परिवार वालों ने चिंता जताई।

सुबह पेड़ से लटका मिला शव

 

बुधवार सुबह गांव के कुछ लोगों ने बासी हेम्ब्रम का शव गांव से लगभग एक किलोमीटर दूर नीम के पेड़ से लटका देखा। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत स्थानीय थाना को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

आत्महत्या या कुछ और? पुलिस कर रही जांच

 

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह आत्महत्या है या इसके पीछे कोई और कारण है। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा। ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ कर पुलिस हर संभव एंगल से मामले की जांच कर रही है।

Related Posts