उत्तराखंड: माणा में भीषण हिमस्खलन, 57 मजदूर फंसे, बचाव कार्य जारी

न्यूज़ लहर संवाददाता
उत्तराखंड: चमोली जिले के माणा गांव में सीमा सड़क संगठन (BRO) द्वारा किए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान भीषण हिमस्खलन हुआ, जिसमें 57 मजदूर फंस गए। अब तक 10 मजदूरों को बचा लिया गया है, जिन्हें गंभीर हालत में सेना के कैंप में भेजा गया है।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर इस हादसे पर दुख व्यक्त किया और कहा, “ITBP, BRO और अन्य बचाव दल राहत कार्य में जुटे हुए हैं। मैं भगवान बद्री विशाल से सभी श्रमिक भाइयों की सुरक्षा की प्रार्थना करता हूं।”
पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि हिमस्खलन सीमा क्षेत्र माणा में BRO कैंप के पास हुआ। भारी बर्फबारी के कारण राहत और बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं।
BRO के अधिशासी अभियंता सीआर मीना ने बताया कि मौके पर 57 मजदूर मौजूद थे। बचाव कार्य के लिए तीन से चार एंबुलेंस भेजी गई हैं, लेकिन मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण दल को वहां पहुंचने में परेशानी हो रही है। राहत और बचाव कार्य जारी है।