Regional

रमजान का चांद आया नजर, कल से रखा जाएगा रोजा; जानिए क्या होता है इस महीने में खास*

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

*रांची :* झारखंड में इस साल रमजान का महीना रविवार से शुरू होने जा रहा है। इसे लेकर मुस्लिम समाज के लोगों में खासा उत्साह और उल्लास देखा जा रहा है। शनिवार को चांद दिखने के साथ ही रमजान के आगाज की पुष्टि हो गई। अब रविवार से रोजे शुरू हो जाएंगे। यह महीना मुसलमानों के लिए बेहद पवित्र और महत्वपूर्ण होता है। क्योंकि इस दौरान रोजे रखने के साथ-साथ पांच वक्त की नमाज और रात में तरावीह की नमाज अदा की जाती है। इन धार्मिक कर्तव्यों के कारण मस्जिदों में रोजेदारों की संख्या बढ़ जाती है।

*रमजान की तैयारियां जोरों पर*

 

मिली जानकारी के अनुसार, रमजान के माहौल को लेकर तैयारियां भी जोरों पर हैं। शुक्रवार से ही लोग सहरी और इफ्तार की तैयारियों में जुट गए थे। मुस्लिम बहुल इलाकों में इस माह में देर रात तक चहल-पहल बनी रहती है। रमजान का महीना न केवल इबादत का वक्त होता है, बल्कि यह नेक कामों के लिए खास तौर पर प्रेरित करता है। इस माह में हर अच्छे काम पर सवाब बढ़ा दिया जाता है, जिससे लोग अधिक से अधिक इबादत और दुआ करते हैं।

*इसे एक अवसर माना जाता है*

 

बताया जा रहा है कि रमजान के महत्व को समझते हुए मुसलमान इसे एक विशेष अवसर मानते हैं। क्योंकि इसी महीने में कुरान नाजिल किया गया था। तरावीह की नमाज के दौरान इमाम कुरान की तिलावत करते हैं और पूरे महीने में कुरान मुकम्मल होता है।

इस पाक महीने में रोजेदार न केवल अपनी आत्मा की शुद्धि के लिए इबादत करते हैं, बल्कि समाज और देश में अमन-ओ-शांति की भी दुआ करते हैं। रमजान का महीना उनके लिए एक अवसर होता है, जब वे अपने सारे गुनाहों की माफी मांगते हैं और अल्लाह के करीब जाने की कोशिश करते हैं।

Related Posts