Crime

सुकमा में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़, दो नक्सली ढेर

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

छत्तीसगढ़ : सुकमा जिले के किस्टाराम थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों की उपस्थिति की गुप्त सूचना मिलने पर शुक्रवार को जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की कोबरा बटालियन के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था। अभियान के दौरान शनिवार सुबह सुरक्षाबलों का नक्सलियों से सामना हुआ, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई।

सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो नक्सलियों को मार गिराया। अब तक मुठभेड़ स्थल से दो शव बरामद किए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इलाके में अब भी रुक-रुक कर मुठभेड़ जारी है।

सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इलाके में अन्य नक्सलियों के छिपे होने की आशंका के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

Related Posts