राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर किशोरियों को पोषण और सुरक्षा के बारे में दी गई जानकारी*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा सदर प्रखंड अंतर्गत उत्क्रमित मध्य नीमडीह में जिला स्वास्थ्य समिति, पश्चिमी सिंहभूम के तत्वावधान में राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस कार्यक्रम में एएनएम सुजाता पुरती और टाटा स्टील फाउंडेशन की स्वास्थ्य कार्यकर्ता मनसी दीदी तथा सरिता कुंटिया ने किशोरियों को विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों को एनीमिया और नशे से छुटकारा पाने के उपायों के बारे में बताया गया। इसके साथ ही उन्हें उचित शारीरिक पोषण के महत्व को समझाया गया।
किशोरियों को यह भी बताया गया कि उनकी उम्र के अनुसार शरीर का वजन और ऊंचाई ठीक होना चाहिए, और इसके लिए सही पोषण की आवश्यकता है।
इसके अलावा, माहवारी के दौरान सावधानियों और सुरक्षा के दृष्टिकोण से सतर्क रहने के बारे में भी जानकारी दी गई। किशोरियों को यह बताया गया कि किसी भी अनहोनी स्थिति से निपटने के उपाय क्या हो सकते हैं।
इस दौरान, किशोरियों को उनके ज्ञान और समझ का परीक्षण करने के लिए एक छोटी सी परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें पांच उत्तीर्ण किशोरियों को सम्मानित किया गया। इन सम्मानित किशोरियों में सरिता पुरती, मोनिका सोय, लालमोती बारी, सुखमती बारी और सुमित्रा बारी शामिल हैं।
इस कार्यक्रम में प्रधान शिक्षक कृष्णा देवगम, कुंती बोदरा, सुशील कुमार सरदार, एलिस बेक, सुकांति गोप और अन्य स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम ने किशोरियों को उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का एक महत्वपूर्ण कदम उठाया।