बाबूलाल मरांडी बने भाजपा विधायक दल के नेता, जमशेदपुर में हर्ष की लहर

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर, झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता बाबूलाल मरांडी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया है। इस निर्णय के बाद पूरे प्रदेश में हर्ष और उत्साह का माहौल है। भाजपा जमशेदपुर महानगर के अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने भी इस फैसले का स्वागत करते हुए बाबूलाल मरांडी को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
गुरुवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति में सुधांशु ओझा ने कहा कि बाबूलाल मरांडी एक कुशल संगठनकर्ता, अनुभवी राजनेता और झारखंड की माटी के सच्चे सपूत हैं। उनके नेतृत्व में भाजपा को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश की जनता के हितों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी और एक जागरूक व प्रभावी विपक्ष की भूमिका निभाएगी।
उन्होंने विश्वास जताया कि बाबूलाल मरांडी का समर्पण, संघर्षशीलता और सुशासन का अनुभव झारखंड के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।
उनके नेतृत्व में भाजपा एक मजबूत विपक्ष के रूप में सरकार की नीतियों पर नजर रखेगी और राज्य के हितों की रक्षा के लिए पूरी मजबूती व समर्पण से कार्य करेगी।