बंगीय उत्सव के प्रचार वाहन को हरी झंडी, कोल्हान में होगी थीम सॉन्ग की गूंज

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में बंगीय उत्सव के प्रचार-प्रसार के लिए समिति ने मिलानी हॉल परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस प्रचार वाहन के माध्यम से बंगीय उत्सव के थीम सॉन्ग का प्रसार किया जाएगा, जिसे सब्बोसाची चंद ने लिखा है।
गौरतलब है कि इस उत्सव की शुरुआत वर्ष 2023 में हुई थी, और यह लगातार जारी है। इस आयोजन में पूरे कोल्हान क्षेत्र से बंगाली भाषी समुदाय एकजुट होकर अपनी संस्कृति का प्रदर्शन करते हैं।
प्रसिद्ध कलाकार देंगे प्रस्तुति
इस वर्ष के आयोजन में दो सत्र होंगे। पहले सत्र, यानी दोपहर के समय, पुरुलिया के प्रसिद्ध गायक कुंदन कुमार और गायिका कनिका कर्मकार अपनी प्रस्तुति देंगे। वहीं, झारखंड की लोकप्रिय गायिका अंकिता बासु बनर्जी भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
संध्या सत्र में कोलकाता की सुप्रसिद्ध बंगला गायिका पौशाली बनर्जी अपनी मधुर आवाज से समां बांधेंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा प्रचार वाहन
बंगीय उत्सव को पूरे कोल्हान क्षेत्र में लोकप्रिय बनाने के उद्देश्य से यह प्रचार रथ शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक पहुंचेगा और आयोजन की जानकारी देगा। समिति ने अधिक से अधिक लोगों से इस आयोजन में भाग लेकर इसे सफल बनाने की अपील की है।
समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्ति
इस दौरान समिति के अध्यक्ष अमित कुमार पात्रा, महासचिव उत्तम गुहा, कोषाध्यक्ष अमित कुमार मैति, कार्यकारी अध्यक्ष अपर्णा गुहा, पूर्बी घोष, मिथलेश घोष, शुभांकर चटर्जी, बाबूलाल चक्रवर्ती, प्रणव बोरात, तापस सरकार, अशोक दत्ता, प्रसेंजीत सरकार, विनोद डे, प्रणव सरकार, संजीव आचार्य, चयन गुहा, रत्ना पात्रो, सुब्रता बरुआ, शिला बानिक, अर्पिता सरकार और श्रबानी भट्टाचार्य सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।