झामुमो जिला संयोजक मंडली ने सदस्यता अभियान और संगठन विस्तार की रिपोर्ट केंद्रीय समिति को सौंपी

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।चाईबासा में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय समिति के निर्देशानुसार प. सिंहभूम जिला संयोजक मंडली ने 5 मार्च 2025 को सदस्यता अभियान की प्रगति रिपोर्ट और गठित पंचायत/वार्ड समितियों की जानकारी केंद्रीय कार्यालय, रांची को सौंप दी। साथ ही, जिला अंतर्गत सभी 18 प्रखंडों और 2 नगर समितियों के गठन हेतु अनुशंसा भी समर्पित की गई।
झामुमो केंद्रीय समिति ने 17 जनवरी 2025 को निर्देश जारी कर 45 दिनों के भीतर सदस्यता अभियान चलाने और पंचायत/नगर समितियों के गठन/पुनर्गठन का कार्य पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसके बाद जिला संयोजक मंडली ने सभी प्रखंड और नगर समितियों के गठन हेतु नामों की अनुशंसा केंद्रीय समिति को भेजी।
केंद्रीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट
रिपोर्ट सौंपने के अवसर पर संयोजक प्रमुख सोनाराम देवगम के नेतृत्व में जिला संयोजक मंडली के सदस्य भुवनेश्वर महतो, राहुल आदित्य, इकबाल अहमद, सुभाष बनर्जी, दीपक कुमार प्रधान, दिनेश चंद्र महतो, अभिषेक सिंकु, सोमवारी बहान्दा और विकास गुप्ता ने केंद्रीय कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की।
इस दौरान झामुमो के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष माननीय मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन, केंद्रीय महासचिव बिनोद पांडेय और केंद्रीय महासचिव दीपक बिरुवा भी मौजूद थे।
संयोजक प्रमुख ने जताया आभार
संयोजक प्रमुख सोनाराम देवगम ने इस अवसर पर सभी जिला संयोजक मंडली के सदस्य, प्रखंड/नगर संयोजक मंडली के पदाधिकारी, केंद्रीय समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने सफल संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान को लेकर सभी के बेहतर तालमेल और सहयोग की सराहना की।
झामुमो की इस पहल से जिले में संगठन को और मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।