Regional

बैंक कर्मचारियों की मांगों को लेकर UFBU जमशेदपुर में जोरदार प्रदर्शन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड।जमशेदपुर में यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के नेतृत्व में बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आज साकची आई हॉस्पिटल के समीप जोरदार प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन चरणबद्ध आंदोलन के तहत आयोजित किया गया, जिसमें बैंक कर्मियों ने एकजुट होकर अपनी समस्याओं को उजागर किया और सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान UFBU के शीर्ष नेताओं ने बैंकों में पर्याप्त कर्मचारियों और अधिकारियों की नियुक्ति की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बैंकों में काम का अत्यधिक दबाव है और कर्मचारियों की संख्या अपर्याप्त होने के कारण कामकाज प्रभावित हो रहा है।

इसके साथ ही, बैंकिंग क्षेत्र में सुधार की मांग करते हुए उन्होंने यह भी कहा कि अन्य वित्तीय संस्थानों जैसे आरबीआई, डीएफएस, सेबी, नाबार्ड, वित्त मंत्रालय और स्टॉक एक्सचेंज की तरह बैंकों में भी पांच दिवसीय कार्य सप्ताह लागू किया जाना चाहिए। इसके अलावा, बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों को निदेशक मंडल में प्रतिनिधित्व देने की मांग भी की गई।

 

बैंक कर्मियों की अन्य प्रमुख मांगों में सेवानिवृत्ति के बाद ग्रेच्युटी की राशि को बढ़ाकर 25 लाख करना, पीएलआई भुगतान प्रणाली में सुधार लाना और बैंक कर्मचारियों के खिलाफ बढ़ते दुर्व्यवहार व हिंसा पर रोक लगाना शामिल था। प्रदर्शनकारियों ने यह भी मांग की कि सरकारी बैंकों को मजबूत करने के लिए ठोस नीतियां बनाई जाएं और बैंकिंग सेक्टर में अप्रेंटिस व संविदा भर्ती के बजाय स्थायी कर्मचारियों की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए।

इस प्रदर्शन को सफल बनाने में UFBU जमशेदपुर के शीर्ष नेतृत्व और विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस मौके पर कामरेड सुजय राय, कामरेड आर.बी. सहाय, कामरेड रामजी प्रसाद, कामरेड गौतम घोष और कामरेड आनंद वर्मा ने प्रदर्शन को संबोधित किया। कामरेड सपन कुमार अदक ने नारेबाजी कर प्रदर्शनकारियों का उत्साहवर्धन किया। इसके अलावा, सैकड़ों बैंक कर्मचारियों और अधिकारियों ने इस विरोध प्रदर्शन में भाग लिया और अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।

 

कार्यक्रम के अंत में संयोजक कामरेड रींटु रजक ने सभी साथियों को आगामी प्रदर्शन के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने घोषणा की कि अगला प्रदर्शन 11 मार्च 2025 को संध्या 5:15 बजे बिष्टुपुर स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा के समीप आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही, 8 मार्च 2025 को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर UFBU जमशेदपुर की ओर से सभी महिला कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दी गईं।

Related Posts