Crime

चाईबासा में नक्सल विरोधी अभियान तेज, जंगल से 5 किलो का IED बरामद

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जराईकेला थाना क्षेत्र के वनग्राम कुलापाबुरू के आसपास के जंगल और पहाड़ी इलाकों में सुरक्षा बलों ने एक 5 किलो का आईईडी (IED) बरामद किया, जिसे बम निरोधक दस्ते की सहायता से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

विशेष संयुक्त अभियान जारी

 

पुलिस अधीक्षक अशूतोष शेखर ने बताया कि भाकपा (माओवादी) संगठन के शीर्ष नेता मिसिर बेसरा, अनमोल, मोछु, अनल, असीम मंडल, अजय महतो, सागेन अंगरिया, अश्विन, पिंटु लोहरा, चंदन लोहरा, अमित हांसदा उर्फ अपटन, जयकांत और रापा मुंडा अपने दस्ता सदस्यों के साथ सारंडा और कोल्हान क्षेत्र में विध्वंसक गतिविधियों की योजना बना रहे हैं। इन नक्सलियों की गतिविधियों पर नजर रखते हुए 4 मार्च 2025 से एक विशेष संयुक्त अभियान प्रारंभ किया गया।

इस अभियान में चाईबासा पुलिस, कोबरा 203 बीएन, 209 बीएन, झारखंड जगुआर और सीआरपीएफ की 26 बीएन, 60 बीएन, 134 बीएन, 174 बीएन, 193 बीएन और 197 बीएन की टीमों को शामिल किया गया।

 

IED बरामद कर किया गया निष्क्रिय

 

अभियान के दौरान आज सुरक्षा बलों ने जराईकेला थाना क्षेत्र के वनग्राम कुलापाबुरू में जंगल और पहाड़ी इलाके में एक 5 किलो वजनी आईईडी बरामद किया। पुलिस ने बताया कि यह विस्फोटक सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा पूर्व में लगाया गया था। सुरक्षा के दृष्टिकोण से बम निरोधक दस्ते ने इसे मौके पर ही निष्क्रिय कर दिया।

नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई जारी

 

पुलिस और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम पूरे क्षेत्र में सतर्कता बरत रही है और लगातार गहन सर्च ऑपरेशन चला रही है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि नक्सल उन्मूलन के लिए अभियान को और तेज किया जाएगा, ताकि इस क्षेत्र को नक्सल प्रभाव से मुक्त किया जा सके।

Related Posts