Regional

अटल विरासत सम्मेलन में जुटेंगे भाजपा कार्यकर्ता, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय होंगे मुख्य अतिथि

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) देशभर में विशेष कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। इसी कड़ी में भाजपा जमशेदपुर महानगर के तत्वावधान में सोमवार को बिस्टुपुर स्थित तुलसी भवन सभागार में ‘अटल विरासत सम्मेलन’ आयोजित किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य अटल जी की स्मृतियों को संजोना, उनकी राष्ट्रसेवा की विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और उनके विचारों को जन-जन तक प्रसारित करना है।

सम्मेलन में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष यदुनाथ पांडेय होंगे शामिल

 

इस कार्यक्रम में हजारीबाग के पूर्व सांसद एवं झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. यदुनाथ पांडेय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भाजपा ने इस सम्मेलन की सफलता सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी ने जमशेदपुर महानगर के वरिष्ठ एवं कनिष्ठ कार्यकर्ताओं, प्रबुद्ध नागरिकों, विशिष्ट व्यक्तित्वों और अटल जी के प्रशंसकों को आमंत्रित किया है।

 

300 वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को किया जाएगा सम्मानित

 

भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने जानकारी देते हुए बताया कि इस सम्मेलन के माध्यम से अटल बिहारी वाजपेयी की दूरदृष्टि, नीतियों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए योगदान को स्मरण किया जाएगा। अटल जी ने अपने कुशल नेतृत्व से भारत को एक मजबूत राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। उनके विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने और उनके विराट व्यक्तित्व पर चर्चा करने के उद्देश्य से सोमवार सुबह 11 बजे से बिस्टुपुर तुलसी भवन में यह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भाजपा और अन्य सहयोगी संगठनों में अटल जी के साथ कार्य कर चुके वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया जाएगा। जमशेदपुर महानगर के विभिन्न मंडलों से करीब 300 नेताओं एवं कार्यकर्ताओं को सम्मानित करने की योजना बनाई गई है।

 

भाजपा कार्यकर्ताओं से सम्मेलन में भाग लेने की अपील

 

सुधांशु ओझा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से अपील की है कि वे इस सम्मेलन में भाग लेकर अटल जी के जीवन आदर्शों से प्रेरणा लें और उनकी विरासत को आगे बढ़ाने में योगदान दें।

Related Posts