अटल बिहारी वाजपेयी की विरासत को याद कर यदुनाथ पांडेय ने हेमंत सरकार पर साधा निशाना

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड।जमशेदपुर में झारखंड भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं हजारीबाग के पूर्व सांसद डॉ. यदुनाथ पांडेय ने सोमवार को बिष्टुपुर स्थित तुलसी भवन में प्रेस वार्ता को संबोधित किया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के योगदान को याद करते हुए उनकी दूरदृष्टि और लोकहितकारी नीतियों पर प्रकाश डाला। साथ ही, राज्य की हेमंत सरकार पर कानून-व्यवस्था की बदहाली को लेकर तीखा हमला बोला।
इस अवसर पर झारखंड भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा, जिला महामंत्री अनिल मोदी और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा उपस्थित रहे।
अटल जी के नेतृत्व में हुआ ऐतिहासिक बदलाव
डॉ. यदुनाथ पांडेय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक कुशल प्रशासक थे, बल्कि उन्होंने देश के विकास की मजबूत नींव रखी। उन्होंने 24 दलों के सहयोग से सफलतापूर्वक सरकार चलाई और देश को एक नई दिशा दी। उनके नेतृत्व में बिहार से झारखंड, उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड और मध्य प्रदेश से छत्तीसगढ़ का गठन हुआ, जिससे राज्यों को नई पहचान और विकास का अवसर मिला।
उन्होंने कहा कि अटल जी के कार्यकाल में शुरू हुई सर्व शिक्षा अभियान, स्वर्णिम चतुर्भुज सड़क परियोजना, संचार क्रांति और अंत्योदय योजना जैसी योजनाओं ने भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने झारखंड को एक अलग राज्य बनाकर नई पहचान दी, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा संवारने का कार्य कर रही है।
हेमंत सरकार पर लगाया कानून-व्यवस्था ध्वस्त करने का आरोप
पूर्व सांसद यदुनाथ पांडेय ने कहा कि हेमंत सरकार राज्य को अपराध और भ्रष्टाचार के अंधकार में धकेल रही है। उन्होंने कहा कि रघुवर दास सरकार के दौरान राज्य में नक्सलवाद और अपराध पर काबू पाया गया था, लेकिन मौजूदा सरकार में अपराधियों का तांडव मचा हुआ है।
उन्होंने हाल ही में हजारीबाग में एनटीपीसी के डीजीएम कुमार गौरव की दिनदहाड़े हत्या का जिक्र करते हुए कहा कि यह घटना राज्य में बिगड़ती कानून-व्यवस्था का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि झारखंड का कोई भी जिला ऐसा नहीं है, जहां हत्या, लूट और दुष्कर्म जैसी घटनाएं न हो रही हों।
झारखंड की जनता फिर देगी भाजपा को समर्थन
डॉ. यदुनाथ पांडेय ने कहा कि भाजपा ने झारखंड में कई विकास परियोजनाएं शुरू की थीं, जिनमें झारखंड विधानसभा, हाईकोर्ट भवन, जिला कलेक्ट्रेट, एम्स, नया एमजीएम अस्पताल शामिल हैं। लेकिन वर्तमान सरकार विकास की गति रोक चुकी है और केवल केंद्र सरकार से फंड की मांग कर राजनीति कर रही है।
उन्होंने कहा कि भाजपा राज्य में अपनी हार की समीक्षा कर रही है और जनता के बीच जाकर हेमंत सरकार की विफलताओं को उजागर करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि झारखंड की जनता फिर से भाजपा को समर्थन देगी और पार्टी सत्ता में लौटेगी।