Crime

महिलाओं का सहारा लेकर अफीम तस्करी, रांची पुलिस ने 4 को किया गिरफ्तार*

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

*रांची :* झारखंड की राजधानी रांची में अफीम तस्करी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला तस्कर भी शामिल है। पुलिस के मुताबिक, तस्कर अब पुलिस की निगरानी से बचने के लिए महिलाओं का इस्तेमाल कर रहे हैं। इस बार भी उनकी यह चाल नाकाम रही और तुपुदाना क्षेत्र से खूंटी से आ रही अफीम की खेप के साथ चार लोगों को पकड़ा गया। इस घटना से एक बार फिर स्पष्ट हुआ है कि अफीम माफिया नए-नए तरीकों से अवैध कारोबार जारी रखना चाहते हैं, लेकिन पुलिस की सक्रियता उनके लिए चुनौती बनी हुई है।

 

*10 लाख रुपये की अफीम जब्त*

 

रांची एसएसपी चंदन कुमार सिन्हा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में सोमा पूर्ति और सलोमी टोप्पो भाई-बहन हैं, जबकि अजय मुर्मू व अनिल मरांडी भी शामिल हैं। इनके पास से करीब 10 लाख रुपये मूल्य की उच्च गुणवत्ता वाली अफीम बरामद की गई है। पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

 

*खूंटी है अफीम का केंद्र*

 

गौरतलब है कि झारखंड के खूंटी जिले में बड़े पैमाने पर अफीम की खेती होती है। पुलिस की लगातार कार्रवाइयों के बाद तस्करों को इस बार भारी नुकसान हुआ है। हालांकि, खूंटी में अफीम का बड़ा भंडार जमा है, जिसे बाजार में बेचकर मुनाफा कमाने की कोशिश जारी है। पुलिस का दावा है कि वह तस्करों की हर चाल पर नजर रखे हुए है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts