Crime

जमशेदपुर: होली पर बागुनहातु में विवाद, पुलिस कार्रवाई से भड़के लोग

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर के सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातु में होली के दौरान शुक्रवार की रात मामूली विवाद के बाद बवाल हो गया। विवाद बढ़ने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले गई। इसके बाद बस्ती के लोग भी थाने पहुंच गए और पुलिस पर एकतरफा कार्रवाई करने का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन करने लगे। जब हंगामा बढ़ने लगा, तो पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। हालांकि, किसी तरह मामला देर रात शांत हो गया, लेकिन बस्ती के लोग अब भी पुलिस की कार्रवाई से नाराज हैं।

छोटी सी बात पर बढ़ा विवाद

 

स्थानीय लोगों के अनुसार, होली खेलने के दौरान दो पक्षों में मामूली कहा-सुनी हो गई थी, जिसे मौके पर ही सुलझा लिया गया था। लेकिन पुलिस की दखलअंदाजी और गिरफ्तारी के कारण मामला बढ़ गया। अब लोग इस बात का इंतजार कर रहे हैं कि पुलिस दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपियों को जेल भेजेगी या सुलह कराएगी। लोगों का कहना है कि जो विवाद शुरुआत में हल्का था, वह अब बड़ा रूप ले चुका है।

फिलहाल, इलाके में पुलिस की सतर्कता बढ़ा दी गई है ताकि स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में रहे।

Related Posts