सड़क हादसे में टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी सरदार मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी की मौत

न्यूज़ लहर संवाददाता
रांची:बुंडू में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में टाटा स्टील के रिटायर्ड कर्मचारी सरदार मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके भतीजे सुखदीप सिंह और भाभी भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दोनों का इलाज रांची के अस्पताल में चल रहा है।
रांची जाते समय हुआ हादसा
सरदार मनमोहन सिंह अपने परिवार के साथ कार से रांची जा रहे थे। इसी दौरान बुंडू के पास उनकी कार हादसे का शिकार हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने मनमोहन सिंह और उनकी पत्नी को मृत घोषित कर दिया।
कदमा के रहने वाले थे मनमोहन सिंह
सरदार मनमोहन सिंह जमशेदपुर के कदमा स्थित गौतम अपार्टमेंट में रहते थे। टाटा स्टील से सेवानिवृत्त होने के बाद वे विश्वकर्मा टेक्निकल इंस्टिट्यूट में अपनी सेवाएँ दे रहे थे। हादसे की जानकारी कार के नंबर के आधार पर रामगढ़िया सभा के महासचिव और कदमा गुरुद्वारा कमेटी के ट्रस्टी सरदार ताजबीर सिंह कलसी को मिली।
गुरुद्वारा कमेटी और रामगढ़िया सभा ने व्यक्त किया शोक
इस दुखद घटना पर रामगढ़िया सभा के प्रधान सरदार केपी एस बंसल, गुरुद्वारा कमेटी के प्रधान बलदेव सिंह और पूर्व महासचिव सुखविंदर सिंह ने गहरा शोक व्यक्त किया है। परिवार के प्रति संवेदनाएँ प्रकट करते हुए उन्होंने कहा कि यह समुदाय के लिए एक बड़ी क्षति है।