World

बलूचिस्तान में पाकिस्तानी सेना के काफिले पर आत्मघाती हमला, 5 सैनिकों की मौत

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

नोशकी:बलूचिस्तान के नोशकी जिले में रविवार को पाकिस्तानी सेना के काफिले पर एक भीषण आत्मघाती हमला हुआ, जिसमें 5 सैनिकों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए। यह हमला क्वेटा से ताफ्तान जा रहे आठ बसों के सैन्य काफिले पर हुआ, जिसमें से एक बस को आईईडी से लैस कार ने टक्कर मारी, जिससे जोरदार विस्फोट हुआ और बस पलट गई। इसके तुरंत बाद हमलावरों ने बस पर अंधाधुंध गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

बलूच संगठन ने ली हमले की जिम्मेदारी

 

हमले के कुछ घंटे बाद बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इसकी जिम्मेदारी ली और दावा किया कि 90 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए हैं। हालांकि, पाकिस्तानी सेना ने इस दावे को खारिज करते हुए कहा कि 5 सैनिक मारे गए हैं और घायलों का इलाज जारी है।

 

पिछले 48 घंटों में तीसरा बड़ा हमला

 

बलूचिस्तान में बीते 48 घंटों में यह तीसरा बड़ा हमला है। इससे पहले केच जिले में पाकिस्तानी सेना पर हमला हुआ था, जिसमें कई जवान हताहत हुए थे। वहीं, कुछ दिन पहले बलूच लड़ाकों ने एक ट्रेन को हाईजैक कर 26 लोगों की हत्या कर दी थी।

 

पाकिस्तान ने भेजे राहत दल

 

हमले के बाद पाकिस्तानी सेना ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। सेना ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने के लिए हेलीकॉप्टर तैनात किए और पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। पाकिस्तानी अधिकारियों ने कहा कि वे हमलावरों की पहचान कर उन्हें मुंहतोड़ जवाब देंगे।

बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा

 

बलूचिस्तान पाकिस्तान का सबसे बड़ा प्रांत है, जो तेल और खनिज संपदा से समृद्ध है, लेकिन लंबे समय से यहां अलगाववादी आंदोलन चल रहे हैं। बलूच विद्रोही संगठनों का आरोप है कि इस्लामाबाद प्राकृतिक संसाधनों का शोषण कर रहा है और बलूच समुदाय के साथ भेदभाव किया जा रहा है। हालांकि, पाकिस्तान सरकार इन आरोपों से इनकार करती है।

 

यह हमला बलूचिस्तान में बढ़ती हिंसा और पाकिस्तानी सेना की कमजोर सुरक्षा व्यवस्था को उजागर करता है, जिससे पूरे क्षेत्र में अस्थिरता बढ़ने की आशंका है।

Related Posts