Crime

पलामू: आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान विवाद, एक व्यक्ति को मारी गोली

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:पलामू जिले के पाटन थाना क्षेत्र के निमियां गांव में आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। रविवार देर रात दो पक्षों के बीच तनातनी के बाद धीरेंद्र सिंह नामक व्यक्ति को गोली मार दी गई। इस वारदात का आरोप गांव के ही विजय कुमार सिंह पर लगा है।

घटना का विवरण

 

रविवार को होली के अवसर पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह उर्फ चिंटू सिंह ने निमियां विद्यालय परिसर में एक ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम का आयोजन किया था। इस दौरान धीरेंद्र सिंह और विजय कुमार सिंह के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। हालांकि, शाम को कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी लोग अपने-अपने घर चले गए।

 

मगर रात करीब 10 बजे विजय कुमार सिंह और रंजीत सिंह उर्फ चिंटू सिंह धीरेंद्र सिंह के घर पहुंचे। आरोप है कि इसी दौरान विजय कुमार सिंह ने धीरेंद्र सिंह को गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घायल की स्थिति और पुलिस कार्रवाई

 

गोली लगने के बाद परिजनों ने धीरेंद्र सिंह को आनन-फानन में मेदिनीनगर एमएमसीएच अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें रांची रिम्स रेफर कर दिया।

 

इधर, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मुख्य आरोपी विजय कुमार सिंह और झामुमो के प्रखंड अध्यक्ष रंजीत कुमार सिंह उर्फ चिंटू सिंह को हिरासत में ले लिया है।

ग्रामीणों का कहना है कि धीरेंद्र सिंह और विजय कुमार सिंह के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। ऑर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान उनकी नोकझोंक बढ़ गई, जिसके बाद यह वारदात हुई। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आगे की कार्रवाई कर रही है।

Related Posts