किस्को पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 25 किलो अफीम बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड : लोहरदगा जिले के किस्को प्रखंड में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 25 किलो अफीम बरामद की है। इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया। गुप्त सूचना के आधार पर किस्को थाना प्रभारी सुमन कुमार मिंज के नेतृत्व में छापेमारी अभियान चलाया गया, जिसमें अफीम तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ। पुलिस को सूचना मिली थी कि किस्को प्रखंड के पाखर पंचायत अंतर्गत सलैया गंझु टोली गांव में अवैध रूप से अफीम की खेती और तस्करी की जा रही है। इस पर किस्को थाना प्रभारी सुमन कुमार मिंज के नेतृत्व में विशेष पुलिस दल का गठन किया गया और गांव में छापेमारी की गई। इस दौरान गांव निवासी रुपेश गंझु पिता- चैतू गंझु के घर से 25 किलो अफीम बरामद की गई।
पुलिस ने मौके से रुपेश गंझु और उसकी सहयोगी सीमा कुमारी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को संदेह है कि यह मामला किसी बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसे खंगालने के लिए जांच तेज कर दी गई है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद गांव में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोग हैरान हैं कि उनके गांव में इस तरह की गैरकानूनी गतिविधियां चल रही थीं।
अफीम बरामदगी और गिरफ्तारी के बाद इलाके में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है। छापेमारी अभियान में किस्को थाना प्रभारी सुमन मिंज, अंचल पदाधिकारी अजय कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान शामिल थे। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
गिरफ्तार रुपेश गंझु और सीमा कुमारी को पुलिस ने आवश्यक पूछताछ के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल बरामद 25 किलो अफीम की अनुमानित कीमत का आकलन किया जा रहा है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अफीम की आपूर्ति कहां की जानी थी और इस तस्करी में कौन-कौन शामिल था।
पुलिस ने स्पष्ट कर दिया है कि अवैध अफीम खेती और तस्करी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। क्षेत्र में कानून- व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस सतर्क है और लगातार निगरानी रख रही है। इस मामले में अन्य संदिग्धों की भी तलाश की जा रही है।