Crime

रांची में आदिवासी संगठनों का विरोध: फ्लाईओवर रैंप के खिलाफ सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारी

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

रांची | केंद्रीय सरना स्थल के पास बन रहे फ्लाईओवर के रैंप के विरोध में आदिवासी संगठनों ने शनिवार सुबह से रांची बंद का आह्वान किया, जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में जनजीवन प्रभावित हुआ। प्रदर्शनकारियों ने सड़कों पर उतरकर विरोध जताया और विभिन्न स्थानों पर टायर जलाकर मार्ग अवरुद्ध कर दिया, जिससे यातायात बाधित हुआ और आम लोगों को आने-जाने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।

शुक्रवार को निकाला गया मशाल जुलूस

 

रांची बंद की पूर्व संध्या पर शुक्रवार शाम संयुक्त आदिवासी संगठनों ने जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अलबर्ट एक्का चौक तक मशाल जुलूस निकाला। संगठनों ने इसे ऐतिहासिक बंद बताते हुए अधिकतम समर्थन जुटाने का आह्वान किया था।

प्रशासन ने सुरक्षा के किए कड़े इंतजाम

 

रांची जिला प्रशासन और पुलिस ने बंद के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। शहरी क्षेत्र और आसपास के इलाकों में करीब 1,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। जिले के उपायुक्त (DC) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने पहले ही सुरक्षा निर्देश जारी कर दिए थे ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटा जा सके।

 

बंद के चलते शहर के प्रमुख बाजारों, स्कूलों और सार्वजनिक परिवहन सेवाओं पर असर पड़ा है। प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी आपातकालीन स्थिति से निपटने के लिए तैयार है।

Related Posts