तनिष्क शोरूम लूटकांड का मास्टरमाइंड चुनमुन झा मुठभेड़ में ढेर, पांच पुलिसकर्मी घायल

न्यूज़ लहर संवाददाता
बिहार:अररिया जिले के नरपतगंज थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात पुलिस और अपराधियों के बीच बड़ी मुठभेड़ हुई, जिसमें कुख्यात अपराधी चुनमुन झा को मार गिराया गया। पटना STF और स्थानीय पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तनिष्क शोरूम लूटकांड के मुख्य आरोपी चुनमुन झा को घेरा गया और उसे ढेर कर दिया गया। अररिया के ASP रामपुकार सिंह ने इस एनकाउंटर की पुष्टि की और बताया कि चुनमुन झा का शव पोस्टमार्टम के लिए अररिया सदर अस्पताल भेजा गया है।
मुठभेड़ में पांच पुलिसकर्मी घायल
इस एनकाउंटर में पांच पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें से दो STF के जवानों को गोली लगी है। सभी घायल पुलिसकर्मियों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। घायलों में शामिल हैं:
1. मो. मुश्ताक़ (पुलिस निरीक्षक, STF)
2. कुमार विकास (थानाध्यक्ष, नरपतगंज थाना)
3. नागेश (चालक, STF)
4. जेसी शहाबुद्दीन अंसारी (STF)
5. जेसी दीपक कुमार (STF)
कैसे हुआ एनकाउंटर?
पुलिस को सूचना मिली थी कि चुनमुन झा अपने गिरोह के साथ नरपतगंज इलाके में छिपा हुआ है। इस पर पटना STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन शुरू किया। जैसे ही पुलिस टीम थलहा नहर के पास पहुंची, अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें चुनमुन झा को तीन गोलियां लगीं—दो सीने में और एक पैर में। मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
तनिष्क शोरूम लूटकांड का मास्टरमाइंड था चुनमुन झा
चुनमुन झा हाल ही में पूर्णिया के तनिष्क शोरूम में हुई बड़ी लूट का मास्टरमाइंड था। उसके खिलाफ लूट, हत्या, फिरौती जैसे कई संगीन अपराधों के मामले दर्ज थे। हाल ही में आरा तनिष्क लूटकांड में भी उसका नाम सामने आया था। पुलिस की कई कोशिशों के बावजूद वह बार-बार फरार हो जाता था, लेकिन इस बार पुलिस ने उसे भागने का मौका नहीं दिया।
पुलिस ने दी सख्त प्रतिक्रिया
अररिया SP अंजनी कुमार ने बताया कि पुलिस को पहले ही सूचना थी कि चुनमुन झा नरपतगंज थाना क्षेत्र में घुसने वाला है। पुलिस ने तुरंत घेराबंदी की, जिसके बाद अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में चुनमुन झा मारा गया। इस एनकाउंटर के बाद पुलिस ने चेतावनी दी है कि अपराधियों को बख्शा नहीं जाएगा।
यह मुठभेड़ अपराध की दुनिया के लिए एक बड़ा संदेश है कि अब बिहार पुलिस संगठित अपराधियों पर सख्त कार्रवाई कर रही है।