Regional

वन संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए गुवा में विशेष कार्यक्रम आयोजित

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:गुवा के ग्राम नुईया में अंतर्राष्ट्रीय वन दिवस के अवसर पर एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सारंडा वन प्रमंडल पदाधिकारी अविरुप सिन्हा और संलग्न पदाधिकारी सुश्री अनुराधा मिश्रा के निर्देशानुसार आयोजित किया गया, जिसमें वन क्षेत्र पदाधिकारी परमानंद रजक विशेष रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में ग्रामीण मुण्डा दुरसू चाम्पिया और अन्य गणमान्य ग्रामीण शामिल हुए।

कार्यक्रम की शुरुआत आगंतुक अतिथियों और ग्रामीणों के स्वागत के साथ हुई। वन क्षेत्र पदाधिकारी परमानंद रजक ने अपने संबोधन में वनों की सुरक्षा और संरक्षण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि वन हमारी अमूल्य धरोहर हैं और इन्हें बचाने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे वनाग्नि से बचाव करें, लघु वनोपज का सही उपयोग करें और अवैध रूप से पेड़ों की कटाई से परहेज करें। उन्होंने यह भी बताया कि वनों का संरक्षण न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में सहायक है, बल्कि यह स्थानीय लोगों की आजीविका का भी महत्वपूर्ण स्रोत है।

मुख्य अतिथि ग्रामीण मुण्डा दुरसू चाम्पिया ने भी अपने संबोधन में वनों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने कहा कि वन केवल पर्यावरणीय संतुलन ही नहीं, बल्कि सामाजिक और आर्थिक विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। ग्रामीणों ने इस अवसर पर वन विभाग के साथ मिलकर वनों की सुरक्षा और संवर्धन में सहयोग करने का संकल्प लिया।

 

इस कार्यक्रम के तहत वन विभाग के अधिकारियों और ग्रामीणों ने मिलकर नीम और करंज के पौधे लगाए, जिससे पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा मिले। साथ ही, उपस्थित ग्रामीणों के बीच विभिन्न उपयोगी सामग्रियों का वितरण किया गया। इनमें दुरसू चाम्पिया को सिलाई मशीन, अर्जुन चाम्पिया को टॉर्च, रमाय चाम्पिया को ड्रम, शांति चाम्पिया को महुआ नेट, गुरजय चाम्पिया को टॉर्च, शुरु बोदरा को महुआ नेट, रेशमी पुरती को महुआ नेट और बागना चाम्पिया को ड्रम प्रदान किया गया।

कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीणों और अतिथियों ने जलपान का आनंद लिया और एक-दूसरे का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर खुशी जताई और वन विभाग को सहयोग देने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर वन क्षेत्र पदाधिकारी परमानंद रजक, उप परिसर पदाधिकारी निर्मल महतो, छोटेलाल मिश्रा, जीतेंद्र ब्रह्म, सिकंदर प्रधान, ग्रामीण मुण्डा दुरसू चाम्पिया, गुरजय चाम्पिया, लखन चाम्पिया, बामा चाम्पिया, अर्जुन चाम्पिया समेत अन्य कई ग्रामीण उपस्थित थे।

Related Posts