Regional

जमशेदपुर में शहीद सम्मान यात्रा और अखंड तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर में अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान दिवस पर संस्था नमन के तत्वावधान में शहीद सम्मान यात्रा सह अखंड तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सिदगोड़ा स्थित एग्रिको ट्रांसपोर्ट मैदान से शुरू हुआ, जिसमें विभिन्न राजनीतिक दलों के आलावा हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश के लिए बलिदान देने वाले वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करना और राष्ट्रभक्ति की भावना को जागृत करना था।

कार्यक्रम के दौरान वीर सैनिकों की पत्नियों और सीमा पर तैनात जवानों को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इन्हें शॉल भेंटकर उनकी देशभक्ति, त्याग और बलिदान के प्रति कृतज्ञता प्रकट की गई। इस सम्मान समारोह ने लोगों में देशप्रेम की भावना को और अधिक मजबूत किया।

 

युवाओं को नशे से दूर रहने और राष्ट्र निर्माण में भागीदारी की अपील

 

संस्था नमन के संस्थापक अध्यक्ष और भाजपा प्रदेश प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले ने इस अवसर पर युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यह संस्था का दसवां वर्ष है, जब इस तरह का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा, “हमारा उद्देश्य सिर्फ श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को शहीदों के बलिदान से जोड़ना और उनके विचारों को जीवन में उतारना है।”

 

उन्होंने युवाओं से नशे की लत से दूर रहने और देश की रक्षा तथा विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि हर युवा को अपने महान प्राचीन इतिहास को समझना चाहिए और उससे सीख लेकर अपने जीवन को राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित करना चाहिए।

 

अखंड तिरंगा यात्रा का भव्य आयोजन

 

इस अवसर पर अखंड तिरंगा यात्रा रथ भी निकाला गया, जिसमें सैकड़ों लोग पैदल और वाहनों के माध्यम से शामिल हुए। यह यात्रा एग्रिको, भालूबासा, साकची शहीद स्थल, गोलमुरी होते हुए लगभग 6.5 किलोमीटर की दूरी तय कर पुनः ट्रांसपोर्ट मैदान एग्रिको पहुंची। पूरे मार्ग में यात्रा में शामिल लोगों के स्वागत के लिए शहर वासियों ने अनेक स्थानों पर स्टोल लगा कर शरबत, पानी और फल-फूल के साथ विभिन्न तरह के खाद्य पदार्थ बांटे। वहीं पूरे यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारे गूंजते रहे। तिरंगा यात्रा का उद्देश्य राष्ट्रप्रेम को जागरूक करना और शहीदों के बलिदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाना था।

 

यात्रा के समापन के बाद प्रसाद ग्रहण समारोह आयोजित किया गया, जहां उपस्थित सभी लोगों को प्रसाद वितरित किया गया।

तिरंगा यात्रा में शामिल हुए गणमान्य व्यक्ति

 

इस ऐतिहासिक यात्रा में कई प्रमुख हस्तियां और समाजसेवी शामिल हुए। इनमें विधायक सरयू राय, टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष टुन्नू चौधरी, चंद्रगुप्त सिंह, विजय खान, रामेश्वर प्रसाद, राकेश्वर पांडेय, रघुनाथ पांडेय सहित कई भूतपूर्व सैनिक एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।

 

इस आयोजन ने शहर में देशभक्ति का माहौल बना दिया और सभी ने शहीदों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्र की सेवा का संकल्प लिया।

Related Posts