Regional

शादी के छह महीने बाद नवविवाहिता की करंट लगने से मौत, परिवार में मचा कोहराम

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:गिरिडीह जिले के गावां थाना क्षेत्र के बीरने गांव में करंट लगने से 22 वर्षीय नवविवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान बीएसएफ जवान बिनोद यादव की पत्नी सुधा देवी के रूप में हुई है। घटना सुबह की है, जब वह अपने किचन की सफाई कर रही थी।

 

बिजली के तार की चपेट में आई सुधा देवी

 

जानकारी के अनुसार, सुधा देवी अपने किचन में सफाई कर रही थी। इस दौरान उसने दाहिने हाथ में सफाई का कपड़ा पकड़ रखा था और झूल रहे एक बिजली के तार को बाएं हाथ से हटाने की कोशिश की। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गई। जब तक घरवाले कुछ समझ पाते, सुधा की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना के समय परिवार के अन्य लोग किचन से सटे कमरे में थे। जब उन्होंने सुधा को अचेत देखा, तो तुरंत उसे गावां अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

 

परिवार में छाया मातम, पति और परिजन बेसुध

 

सुधा देवी की शादी छह महीने पहले ही बीएसएफ जवान बिनोद यादव से हुई थी। सुधा कुछ दिन पहले मायके गई थी और होली के बाद ससुराल लौटी थी। पति बिनोद यादव कुछ ही दिनों में ड्यूटी पर वापस लौटने वाला था, इसलिए दोनों ने एक दिन पहले मिलकर पकवान भी बनाया था।

 

इस हृदयविदारक घटना से पति बिनोद, सास, चाची सहित पूरा परिवार सदमे में है। पति और अन्य परिजन बार-बार बेहोश हो रहे हैं। परिवार के सदस्य बिहार के जमुई जिले के झुमराज स्थान जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन इससे पहले ही यह दुर्घटना हो गई।

पुलिस ने घटना की जांच शुरू की

 

घटना की सूचना मिलते ही गावां थाना प्रभारी अभिषेक कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और घटना की जानकारी ली। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

 

उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

 

गांव में शोक, अंतिम संस्कार की तैयारी में जुटा परिवार

 

सुधा देवी की आकस्मिक मौत से पूरा गांव गमगीन है। हर किसी की आंखें नम हैं और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजन अब सुधा के अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए हैं।

Related Posts