एनसीपी नेता डॉ. पवन पांडेय ने रांची में भाजपा नेता अनिल टाइगर की हत्या पर चिंता जताई
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:एनसीपी के राष्ट्रीय महासचिव सह प्रवक्ता डॉ. पवन पांडेय ने भाजपा रांची ग्रामीण जिला महामंत्री एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य अनिल टाइगर की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या पर गहरा दुख और चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि झारखंड, विशेषकर राजधानी रांची, अब अपराध की राजधानी बनती जा रही है। सरकार के अपराधियों के प्रति लचर रवैये के कारण उनकी हिम्मत बढ़ गई है, जिससे राज्य में हत्याएं आम हो गई हैं। रांची की वर्तमान स्थिति बिहार के एक समय की कानून व्यवस्था जैसी हो गई है।
हेमंत सरकार के कार्यकाल में अपराधियों का मनोबल बढ़ा है। एनडीए सरकार में अपराधी छिपे रहते थे, लेकिन अब वे सरकार को चुनौती दे रहे हैं। डॉ. पांडेय ने सरकार से मांग की कि जल्द से जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी हो और उन्हें कड़ी सजा दी जाए।
उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि अनिल टाइगर की आत्मा को शांति मिले और उनके परिजनों को यह पीड़ा सहने की शक्ति प्रदान करें। साथ ही, एनडीए गठबंधन द्वारा रांची बंद के आह्वान का एनसीपी पार्टी ने पूर्ण समर्थन किया है।