करकरी नदी में अज्ञात महिला का शव बरामद, पुलिस जांच में जुटी
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:सरायकेला-खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र में करकरी नदी के पुल के पास से शुक्रवार को एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। नदी के अंदर पत्थरों से दबाकर छुपाए गए शव की सूचना स्थानीय लोगों ने पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही ईचागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बरामद किया। पुलिस ने नदी के अंदर से शव के ऊपर रखे गए पत्थरों को भी जब्त किया है। मृतका की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है, लेकिन उसकी पहचान अब तक नहीं हो पाई है।
महिला ने काला चुड़ीदार और हल्दी रंग का सलवार पहन रखा था। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और शव की शिनाख्त के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना भेजी गई है। पुलिस इसे हत्या का मामला मानकर जांच कर रही है।