Regional

नेशनल क्रिकेट अकादमी के लिए साकेत कुमार सिंह का चयन, चाईबासा का नाम हुआ रोशन* 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: नेशनल क्रिकेट अकादमी (NCA), बेंगलुरु द्वारा आयोजित सत्र 2024-25 बीसीसीआई विजय मर्चेट ट्रॉफी अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर झारखंड के तीन खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिसमें चाईबासा के साकेत कुमार सिंह का नाम भी शामिल है। यह चयन भारतीय क्रिकेट के महान खिलाड़ी वी.वी.एस. लक्ष्मण की अध्यक्षता वाली चयन समिति द्वारा किया गया है।

साकेत कुमार सिंह, जिन्होंने विजय मर्चेट ट्रॉफी में झारखंड की कप्तानी की, पश्चिमी सिंहभूम जिला क्रिकेट संघ के महासचिव और नगरपालिका बंगला मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक असीम कुमार सिंह के पुत्र हैं।

वे चाईबासा क्रिकेट क्लब के लिए खेलते हैं और वर्तमान में सूरजमल जैन डी ए वी पब्लिक स्कूल के कक्षा ग्यारहवीं के विज्ञान के छात्र हैं।

साकेत ने 2024-25 सत्र में आंध्र प्रदेश के अलूर में आयोजित विजय मर्चेट ट्रॉफी के दौरान छह पारियों में 49.3 की औसत से 296 रन बनाए। इसमें कर्नाटका के खिलाफ 58 रन, उत्तराखंड के खिलाफ 79 रन, विदर्भ के खिलाफ 81 रन और जम्मू कश्मीर के खिलाफ 43 रन शामिल हैं। उनके इस शानदार प्रदर्शन ने उन्हें नेशनल क्रिकेट अकादमी के लिए चयनित होने का गौरव दिलाया।

साकेत कुमार सिंह ने हाल ही में झारखंड राज्य क्रिकेट संघ द्वारा रांची में आयोजित अंतर जिला अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में पश्चिमी सिंहभूम की ओर से खेलते हुए आठ पारियों में 249 रन बनाए। इसमें जमशेदपुर के खिलाफ सुपर डिवीजन में मात्र 24 गेंदों पर सात चौके और तीन छक्के की मदद से खेले गए तुफानी 53 रनों की पारी भी शामिल है, जिसकी बदौलत पश्चिमी सिंहभूम फाइनल तक पहुंचा।

 

अब, साकेत कुमार सिंह 17 अप्रैल को तमिलनाडु के सलेम के लिए रवाना होंगे, जहां वे 18 अप्रैल से 14 मई तक पूर्व भारतीय क्रिकेटरों की देखरेख में प्रशिक्षण लेंगे। इस प्रशिक्षण सत्र में भाग लेने से उनके क्रिकेट करियर को और मजबूती मिलेगी।

 

चाईबासा और झारखंड के लिए यह एक गर्व का क्षण है, क्योंकि साकेत ने अपने शानदार क्रिकेट कौशल और समर्पण से नेशनल क्रिकेट अकादमी तक अपनी यात्रा बनाई है। उनके इस चयन ने न केवल उनके परिवार और चाईबासा क्षेत्र का नाम रोशन किया है, बल्कि यह झारखंड क्रिकेट के भविष्य के लिए भी एक प्रेरणा है।

Related Posts