रेल सिविल डिफेंस के वॉलिंटियर्स का सम्मान, आपदा राहत कार्य में महत्वपूर्ण योगदान की सराहना*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर स्थित टाटानगर क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंघल ने रेल सिविल डिफेंस के तीन वॉलिंटियर्स को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया। यह सम्मान समारोह क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय में आयोजित किया गया, जिसमें रेल सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार द्वारा कार्यक्रम की शुरुआत की गई। उन्होंने क्षेत्रीय प्रबंधक को पौधा भेंट कर समारोह की शुरुआत की।
इस अवसर पर, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार ने 54वें अंतरराष्ट्रीय सुरक्षा सप्ताह जागरूकता अभियान के तहत रेल सिविल डिफेंस टीम द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्य का विवरण प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि टाटानगर रेल सिविल डिफेंस टीम ने रेलवे के विभिन्न विभागों में 560 रेल कर्मचारियों को आपदा राहत कार्य मॉक ड्रिल कर प्रशिक्षण दिया।
इन विभागों में रेल पथ, इलेक्ट्रिक लोको सेड, केंद्रीय कृत कर्षण मरम्मत कारखाना, कैरेज एंड वैगन, इलेक्ट्रिक लोको पायलट ट्रेनिंग सेंटर शामिल हैं। इस प्रशिक्षण के माध्यम से आपदा के समय चक्रधरपुर मंडल के रेल कर्मचारियों द्वारा महत्वपूर्ण योगदान दिया जाएगा।
समारोह के दौरान, तीन वॉलिंटियर्स—अनिल कुमार सिंह, रमेश कुमार, और अनामिका मंडल—को क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंघल द्वारा पुष्प गुच्छ और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
अपने अध्यक्षीय भाषण में, क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंघल ने रेल सिविल डिफेंस के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह कार्य अभूतपूर्व और कल्पना से परे है। उन्होंने विशेष रूप से महिला जवानों की सराहना की, जो घर और ऑफिस दोनों की जिम्मेदारियों को संभालते हुए प्रशिक्षण कार्यों को अंजाम देती हैं। उन्होंने सिविल डिफेंस के कार्यों को मजबूती प्रदान करने के लिए हर संभव मदद देने की बात कही।
कार्यक्रम के अंतर्गत, ऑपरेटिंग पी, पूरन मुखी और सिग्नल विभाग के दो नए वॉलिंटियर्स का भी स्वागत किया गया।
सम्मान समारोह में क्षेत्रीय प्रबंधक अभिषेक सिंघल, सिविल डिफेंस इंस्पेक्टर संतोष कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक कार्यालय अधीक्षक संतोष कुमार, पी शेषाद्री, डेमोंस्ट्रेटर अनिल कुमार सिंह, कल्याण कुमार साहू, अनामिका मंडल, रमेश कुमार, महिला वॉलिंटियर्स गीता कुमारी, सरस्वती मुर्मू, तेजित कंचन कुमारी, और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।