भूख और धूप से अज्ञात वृद्ध की मौत, पुलिस ने शव बरामद किया
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के किशोरी नगर में रविवार सुबह एक अज्ञात वृद्ध का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान अब तक नहीं हो पाई है, लेकिन स्थानीय लोगों के अनुसार, वह क्षेत्र में भिक्षाटन कर जीवनयापन करता था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वृद्ध सुबह किशोरी नगर के समीप सड़क किनारे पड़ा मिला। कई घंटों तक जब उसने कोई हरकत नहीं की, तो आसपास के लोगों को संदेह हुआ। जब उन्होंने पास जाकर देखा, तो उसकी मृत्यु हो चुकी थी। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में यह अनुमान लगाया जा रहा है कि वृद्ध की मृत्यु भूख और भीषण गर्मी के कारण हुई होगी। हालांकि, पुलिस मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि ऐसे बेसहारा लोगों के लिए उचित भोजन और आश्रय की व्यवस्था की जाए, ताकि इस तरह की दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।