Crime

गिरिडीह के धरियाडीह में दो पक्षों के विवाद के बाद तनाव, पुलिस ने संभाली स्थिति

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:गिरिडीह नगर थाना क्षेत्र के धरियाडीह इलाके में दो पक्षों के बीच मामूली विवाद के बाद तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि इलाके में पथराव भी हुआ, जिससे माहौल बिगड़ने की आशंका थी। हालांकि, गिरिडीह पुलिस की तत्परता से एक बड़ी घटना टल गई।

घटना के बाद पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया है। नगर थाना प्रभारी शैलेश कुमार और मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो लगातार इलाके में डटे हुए हैं और चौकसी बरत रहे हैं। जैसे ही घटना की सूचना मिली, उपायुक्त नमन प्रियेश लकड़ा और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने अधिकारियों को स्थिति नियंत्रण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

 

सीसीटीवी फुटेज से उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस

 

पुलिस की एक विशेष टीम इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि उपद्रवियों की पहचान कर उचित कानूनी कार्रवाई की जा सके। अधिकारियों ने बताया कि यह विवाद एक मामूली बात पर भड़का था, जिसे समय रहते काबू कर लिया गया। फिलहाल, घटना के कारणों की गहन जांच की जा रही है।

प्रशासन की अपील: शांति बनाए रखें, अफवाहों पर ध्यान न दें

 

गिरिडीह पुलिस ने आम जनता से शांति बनाए रखने की अपील की है। प्रशासन ने गलियों में गश्त बढ़ा दी है और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं। पुलिस का कहना है कि हालात अब सामान्य हैं और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए सतर्कता बरती जा रही है। साथ ही, पुलिस ने नागरिकों से किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का अनुरोध किया है।

Related Posts