Regional

कोल्हान में रामनवमी की धूम, मंदिरों में पूजा-अर्चना, प्रशासन अलर्ट

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: कोल्हान क्षेत्र में रामनवमी का पर्व हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। विभिन्न क्षेत्रों में श्रद्धालु भक्ति भाव से पूजा-अर्चना कर रहे हैं। सभी हनुमान मंदिरों में विशेष पूजा और मंत्रोच्चार के साथ भक्त भगवान राम और हनुमान की आराधना कर रहे हैं। हल्दीपोखर में हनुमान झांकी निकाली गई, जिसने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मंदिरों में पूजा-अर्चना, भक्तों की उमड़ी भीड़

 

साकची, मानगो, बारिडीह, पोटका सहित पूरे कोल्हान में रामनवमी को लेकर भव्य आयोजन किए गए हैं। हनुमान मंदिरों में पुजारियों द्वारा मंत्रोच्चार और भजन-कीर्तन हो रहे हैं। श्रद्धालु बड़ी संख्या में मंदिरों में पहुंचकर भगवान राम और हनुमान का आशीर्वाद ले रहे हैं।

अखाड़ा जुलूस की तैयारी, हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल

 

विजय बजरंग अखाड़ा के लाइसेंसधारी रतन सोनकर ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी रामनवमी का पर्व धूमधाम से मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कल अखाड़ा जुलूस निकाला जाएगा, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल होंगे।

 

प्रशासन सतर्क, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

 

रामनवमी के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। अखाड़ा जुलूस और विसर्जन यात्रा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक (नो-इंट्री) लगा दी गई है ताकि जुलूस में किसी तरह की बाधा न आए।

रामनवमी का यह पर्व पूरे उत्साह, श्रद्धा और सौहार्द के साथ मनाया जा रहा है, जिसमें हर वर्ग के लोग भाग ले रहे हैं।

Related Posts