Regional

रामलीला उत्सव समिति द्वारा भव्य कन्या पूजन एवं हवन का आयोजन

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: जमशेदपुर स्थित साकची के रामलीला मैदान में आज श्री श्री रामलीला उत्सव समिति के तत्वावधान में आज रामलीला मैदान के मंच पर भव्य कन्या पूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस शुभ अवसर पर समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा, उपाध्यक्ष अनिल कुमार चौबे और सहायक कोषाध्यक्ष रोहित कुमार मिश्रा (रिंकू) सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान कन्याओं का पूजन चार विधियों से किया गया, जिसमें उन्हें सिंदूर और चंदन से सुशोभित किया गया। साथ ही, उनकी चुनरी ओढ़ाकर सम्मान किया गया और उन्हें फल, प्रसाद, मिठाइयाँ, हलवा-पूरी आदि का भोग अर्पित किया गया। इसके पश्चात माता के आशीर्वाद से कन्याओं को दक्षिणा प्रदान की गई।

रामनवमी के शुभ अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम प्रतिवर्ष दो बार संपन्न होता है। पहली बार चैत्र नवरात्रि में और दूसरी बार शारदीय नवरात्रि में, जब माँ दुर्गा की पूजा की जाती है। यह आयोजन समिति के सभी सदस्यों और भक्तों के लिए देवी माँ का आशीर्वाद प्राप्त करने का एक महत्वपूर्ण अवसर होता है।

इस अवसर पर हवन का भी आयोजन किया गया, जिसमें समिति के सभी सदस्यों ने पूर्ण श्रद्धा के साथ भाग लिया और माँ दुर्गा से सुख, समृद्धि और शांति की प्रार्थना की।

समिति के अध्यक्ष मनोज कुमार मिश्रा ने बताया कि यह आयोजन समाज में आध्यात्मिकता और संस्कृति को जीवंत बनाए रखने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है।

समिति के अन्य प्रमुख सदस्य भी इस आयोजन में सम्मिलित हुए और कन्या पूजन के महत्व पर प्रकाश डाला। भक्तगणों ने इस आयोजन को अत्यंत सफल और पवित्र बताया तथा माँ दुर्गा से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।

Related Posts