Crime

बोड़ाम के पगदा गांव में दफनाई गई महिला का शव निकाला गया, पति पर हत्या का आरोप

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र के पगदा गांव में पुलिस ने एक महिला का शव कब्र से बाहर निकाला। मृतका की पहचान मिथिला सबर (30) के रूप में हुई है। इस मामले में मृतका के पति चूना सबर (32) पर ही हत्या का आरोप लगाया जा रहा है, हालांकि पति का कहना है कि उसकी पत्नी ने खुद जहर खाकर आत्महत्या की है।

गांव वालों ने पति पर लगाया मारपीट का आरोप

 

गांव के लोगों ने बताया कि चूना सबर नशे का आदी था और अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच झगड़ा हुआ था। इसके बाद मिथिला की मौत हो गई। पति ने शव को घर के सामने ही दफन कर दिया। जब इस घटना की जानकारी पुलिस को मिली, तो प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शव को कब्र से बाहर निकाला गया।

 

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

 

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है। इस दौरान मजिस्ट्रेट के रूप में सीओ रंजीत रंजन और बीडीओ किकू महतो मौजूद थे। शव को निकालने की पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई।

 

दो बच्चों का भविष्य अनिश्चित

 

इस घटना के बाद गांव के लोग मृतका के दो छोटे बच्चों को लेकर चिंतित हैं। बच्चों में एक की उम्र 5 साल और दूसरे की 7 साल है। महिला का मायका पटमदा के श्रीरामपुर में है। बताया जा रहा है कि कुछ समय पहले वह मायके चली गई थी, लेकिन वापस आने के बाद पति-पत्नी के बीच विवाद और बढ़ गया था।

अब पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह आत्महत्या है या हत्या।

Related Posts