मुरमूसी में दो बाइकों की टक्कर, स्कूल प्राचार्य की मौत, तीन घायल
न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:पलामू जिले के मेदिनीनगर-पांकी मुख्य पथ पर स्थित मुरमूसी में रविवार शाम करीब 6:00 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो बाइकों की सीधी टक्कर में एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला समेत तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय रवींद्र शर्मा के रूप में हुई है, जो पांकी के धूप गांव के रहने वाले थे। वे मेदिनीनगर स्थित ज्ञान भारती स्कूल के प्राचार्य थे। हादसे के वक्त वह अपनी पत्नी नीलम शर्मा (45) के साथ रामनवमी की पूजा कर गांव से मेदिनीनगर लौट रहे थे। दुर्घटना में उनकी पत्नी नीलम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रांची रिम्स रेफर कर दिया गया।
दूसरी बाइक पर सवार जितेंद्र भुईयां और रंजन भुईयां, जो बड़कागांव के निवासी हैं, इस दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का इलाज मेदिनीनगर मेडिकल कॉलेज अस्पताल (एमएमसीएच) में चल रहा है।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।