Regional

कांग्रेस की निष्ठा और समर्पण का सम्मान — पुरुषोत्तम दास पान बने प. सिंहभूम जिला कांग्रेस शिक्षा विभाग के चेयरमैन* 

 

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सम्मानित और सेवानिवृत्त शिक्षक पुरुषोत्तम दास पान को कांग्रेस पार्टी के प्रति उनकी वर्षों की निष्ठा, समर्पण और संगठनात्मक सक्रियता को देखते हुए एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। उन्हें झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी शिक्षा विभाग के चेयरमैन श्याम नारायण सिंह द्वारा जिला कांग्रेस शिक्षा विभाग, पश्चिमी सिंहभूम का चेयरमैन मनोनीत किया गया है।

 

इस अवसर पर प्रदेश चेयरमैन श्याम नारायण सिंह ने औपचारिक रूप से मनोनयन पत्र जारी किया और निर्देश दिया कि आगामी 15 दिनों के भीतर 25 सदस्यों की जिला कमेटी का गठन कर कार्यालय को समर्पित किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि श्री पान अपने कार्यकाल के दौरान पार्टी के दिशा-निर्देशों का पूरी निष्ठा से पालन करते हुए संगठन को सशक्त बनाएंगे।

इस महत्वपूर्ण सूचना की पुष्टि कांग्रेस के जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने गुरुवार को प्रेस को दी। उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम दास पान का मनोनयन पार्टी के उन कार्यकर्ताओं के लिए प्रेरणास्रोत है, जो वर्षों से जमीनी स्तर पर संगठन की सेवा कर रहे हैं। एक शिक्षक के रूप में उन्होंने समाज में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है और अब वह अपने अनुभव और नेतृत्व क्षमता से पार्टी के शिक्षा विभाग को नई दिशा देने का कार्य करेंगे।

 

इस मनोनयन को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनमानस में उत्साह का माहौल है। सभी ने उम्मीद जताई है कि श्री पान के नेतृत्व में जिला शिक्षा विभाग कांग्रेस और मजबूत होगा तथा समाज के शैक्षणिक और सामाजिक विकास में सक्रिय भूमिका निभाएगा।

 

पुरुषोत्तम दास पान का यह नया दायित्व निश्चित रूप से न केवल कांग्रेस संगठन बल्कि पूरे जिले के लिए एक नई ऊर्जा और प्रेरणा का स्रोत बनेगा।

Related Posts