Regional

कांग्रेस संगठन में अनुशासन और सक्रियता पर जोर, निष्क्रिय पदाधिकारियों पर होगी कार्रवाई

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित कांग्रेस भवन में आज,अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी की बैठक एवं 84वें महाधिवेशन से लौटकर जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने संगठन में कड़ाई बरतने के संकेत दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि संगठन में कार्य न करने वाले पदाधिकारियों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पदाधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि अनुशासनहीनता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने जिलाध्यक्षों को कई अधिकार सौंपे हैं, जिसमें संगठन के दायित्व का सही तरीके से निर्वहन न करने वाले पदाधिकारियों को हटाने का भी अधिकार शामिल है। अब जिलाध्यक्षों को विधानसभा क्षेत्र से पार्टी उम्मीदवार के लिए अनुशंसा करने का अधिकार दिया गया है, साथ ही प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों को भी उम्मीदवार चयन में भूमिका निभाने का अवसर प्रदान किया गया है।

 

जनहित के मुद्दों पर आंदोलन अनिवार्य

 

जिलाध्यक्ष आनंद बिहारी दुबे ने निर्देश दिया कि जनहित की समस्याओं को लेकर आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे समस्याओं का संकलन करें और संबंधित विभागीय अधिकारियों को भारी संख्या में मांग पत्र सौंपें। समस्या के समाधान तक आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जाएगा।

नगर निकाय चुनाव की तैयारियां

 

आगामी नगर निकाय चुनावों को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस संगठन सक्रिय हो गया है। चाकुलिया नगर पंचायत (12 वार्ड), मानगो नगर निगम (36 वार्ड) और जुगसलाई नगर परिषद (22 वार्ड) में चुनाव होने हैं। प्रखंड एवं मंडल अध्यक्षों को निर्देश दिया गया है कि वे जल्द से जल्द वार्ड कमिटी का गठन पूरा करें।

 

पर्यवेक्षकों की नियुक्ति और संगठन सुदृढ़ीकरण

 

जिलाध्यक्ष ने घोषणा की कि प्रदेश कांग्रेस द्वारा तीन महीने के लिए प्रखंडवार पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं। सभी पर्यवेक्षक अपने-अपने प्रखंडों में जाकर संगठन को मजबूत करने के लिए काम करेंगे। साथ ही निष्क्रिय पदाधिकारियों को बाहर किया जाएगा और केवल सक्रिय कार्यकर्ताओं को ही संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी।

 

बैठक में घाटशिला प्रखंड से ब्रजेन्द्र तिवारी, मानगो प्रखंड से बिजय यादव, पोटका प्रखंड से अखिलेश सिंह यादव, जमशेदपुर ग्रामीण प्रखंड से रामलाल प्रसाद पासवान, जुगसलाई प्रखंड से खगेनचन्द्र महतो, पटमदा प्रखंड से अशोक कुमार सिंह, बोड़ाम प्रखंड से कमलेश कुमार पांडेय, धालभूमगढ़ प्रखंड से सतदल गिरी सहित कई पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यकारी अध्यक्ष धर्मेंद्र सोनकर ने भी संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया और कहा कि जनता के हक में आंदोलन करना ही संगठन का मुख्य उद्देश्य होना चाहिए।

 

बैठक में उपस्थित सभी प्रखंड अध्यक्षों को निर्देशित किया गया कि वे अपने क्षेत्रों की समस्याओं का संकलन करें और संबंधित विभागों में प्रदर्शन एवं आंदोलन करें। कांग्रेस संगठन अब पूरी तरह से सक्रिय होकर जनता की समस्याओं के समाधान के लिए काम करेगा।

Related Posts