Crime

हजारीबाग में युवक की हत्या, गिरफ्तारी की मांग पर सड़क जाम

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

झारखंड:हजारीबाग के खिरगांव नमस्कार चौक में अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की निर्मम हत्या कर दी। मृतक की पहचान प्रभात कुमार के रूप में हुई है। यह घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।

 

खून से लथपथ मिला युवक

 

जानकारी के अनुसार, प्रभात कुमार अपने दोस्त कृष्णा के साथ स्कूटी पर घूमने निकला था। देर रात वह बाकर गली में खून से लथपथ हालत में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने तुरंत उसे अस्पताल पहुंचाने की कोशिश की, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।

इलाज में लापरवाही का आरोप

 

घायल अवस्था में उसे पहले शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया। मृतक की बहन लक्ष्मी ने आरोप लगाया कि अस्पताल के डॉक्टरों ने सिर्फ प्राथमिक पट्टी कर उसे रांची रेफर कर दिया, जिससे उसकी जान बचाने का मौका हाथ से निकल गया।

 

पुलिस कर रही जांच

 

पुलिस ने मृतक के दोस्त कृष्णा से पूछताछ की। कृष्णा ने बताया कि वह और प्रभात स्कूटी से निकले थे। लौटते समय प्रभात लैपो रोड, बाकर गली के पास उतर गया। करीब आधे घंटे बाद सूचना मिली कि वह बेहोश हालत में पड़ा है।

 

स्थानीय लोगों का आक्रोश

 

शुक्रवार को इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने खिरगांव में अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस प्रशासन से जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने की मांग की।

बड़ा बाजार थाना प्रभारी ने कहा कि पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।

Related Posts