Regional

समरसता के संदेश के साथ भाजपा ने मनाई बाबा साहेब की जयंती साकची में हुआ पदयात्रा, प्रतिमा पर माल्यार्पण कर दी श्रद्धांजलि

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:जमशेदपुर में भारतीय संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती को भाजपा जमशेदपुर महानगर ने सामाजिक समरसता दिवस के रूप में भव्य रूप से मनाया। इस अवसर पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने साकची जिला भाजपा कार्यालय से पुराना कोर्ट मोड़ स्थित बाबा साहेब की प्रतिमा तक पदयात्रा निकाली और माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के अध्यक्ष परेश मुखी ने किया। इस दौरान सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू, प्रदेश मंत्री नंदजी प्रसाद और महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के विचारों को आत्मसात करने और उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लिया।

सांसद विद्युत महतो ने कहा कि बाबा साहेब ने जाति, धर्म और वर्ग के भेद को मिटाकर समतामूलक समाज की नींव रखी। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि उसने संविधान की मूल भावना के साथ छेड़छाड़ की, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में एनडीए सरकार अंबेडकर के विचारों को धरातल पर उतारने का काम कर रही है।

विधायक पूर्णिमा साहू ने बाबा साहेब को सामाजिक नवजागरण का अग्रदूत बताया और कहा कि उन्होंने महिलाओं, मजदूरों और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के लिए अपना जीवन समर्पित किया।

महानगर अध्यक्ष सुधांशु ओझा ने कहा कि भाजपा समरसता, समानता और सामाजिक सौहार्द की भावना के साथ कार्य करती है और अंबेडकर के सपनों का भारत बनाने के लिए संकल्पित है।

कार्यक्रम में शहर के कई प्रमुख नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए और बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की।

Related Posts