Regional

बाघरा गांव में महिला की संदिग्ध मौत, ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप

 

न्यूज़ लहर संवाददाता

जमशेदपुर।पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत कुईयानी पंचायत के बाघरा गांव में सोमवार रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 35 वर्षीय विनीता सिंह के रूप में हुई है। विनीता के पति सदानंद सिंह ने बताया कि दोनों पोड़ोगोड़ा स्थित एक ईंट भट्टा में मजदूरी करते थे। सोमवार को काम से लौटने के बाद विनीता शराब के नशे में थी और बिना खाना खाए ही सो गई।

रात करीब 10 बजे जब सदानंद ने पत्नी को खाना खाने के लिए जगाया तो वह नहीं उठी। उसे शक हुआ कि उसकी पत्नी की मौत हो चुकी है। इसके बाद मंगलवार सुबह पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

पुलिस ने सुबह परिजनों को शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां दोपहर साढ़े तीन बजे पोस्टमार्टम संपन्न हुआ। बोड़ाम पुलिस का कहना है कि महिला की मौत के स्पष्ट कारण का अभी पता नहीं चल सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल महिला के शरीर पर किसी प्रकार की चोट के निशान या बीमारी के लक्षण नहीं पाए गए हैं।

इधर, मृतका के चाचा सर्वेश्वर सिंह, जो नीमडीह थाना क्षेत्र के चालियामा गांव निवासी हैं, ने हत्या का आरोप लगाया है। उन्होंने बताया कि विनीता के माता-पिता की मौत पहले ही हो चुकी थी और उन्होंने ही उसकी शादी बाघरा गांव के सदानंद सिंह से करवाई थी। शादी के बाद से ही पति-पत्नी के बीच विवाद होता रहता था। सर्वेश्वर सिंह ने दावा किया कि सोमवार को भी झगड़ा हुआ था और शराब के नशे में सदानंद ने विनीता की पिटाई कर हत्या कर दी।

सर्वेश्वर का यह भी आरोप है कि घटना की जानकारी उन्हें तत्काल नहीं दी गई। पड़ोस की एक महिला (जो रिश्ते में विनीता की भागनी है) ने उन्हें फोन कर घटना की सूचना दी, जिसके बाद वे सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे। विनीता अपने पीछे एक बेटी और तीन बेटे छोड़ गई है। मायके पक्ष द्वारा बोड़ाम थाना में सदानंद सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कराने के लिए आवेदन दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Related Posts