सरायकेला में “हो” समाज युवा महासभा की प्रखंड कमिटी का पुनर्गठन, युवाओं में जागरूकता और संगठन के प्रति बढ़ा जुड़ाव

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:सरायकेला में आदिवासी “हो” समाज युवा महासभा के संगठन विस्तार अभियान के तहत सरायकेला प्रखंड कमिटी का पुनर्गठन किया गया। यह कार्यक्रम गायत्री भवन, सरायकेला में अनुमंडल उपाध्यक्ष तारामनी बांदिया के नेतृत्व में प्रारंभ हुआ। महासभा की नियमावली के अनुरूप सर्वसम्मति से नई प्रखंड कमिटी का गठन किया गया, जिसमें धानेश्वर गगाराई को प्रखंड अध्यक्ष, मनु पुरती को उपाध्यक्ष, पंडु पुरती को सचिव और जम्बी हेस्सा को कोषाध्यक्ष चुना गया।
नवगठित कमिटी के पदाधिकारियों को अनुमंडल और जिला स्तर के वरिष्ठ सदस्यों द्वारा फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उन्हें संगठन के विस्तार, सामाजिक एकता और जनजागरूकता को बढ़ावा देने तथा युवाओं को समाज की मुख्यधारा में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भी श्रद्धापूर्वक मनाई गई। उपस्थित सभी सदस्यों ने बाबा साहेब के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों और योगदान को नमन किया तथा उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। साथ ही समाज में जागरूकता फैलाने और सामाजिक उत्तरदायित्व को संगठित रूप से निभाने का प्रण लिया गया।
इस कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष नरेंद्र सिजुई, उपाध्यक्ष सुखराम सोय, सचिव रानी बोदरा, अनुमंडल अध्यक्ष गोबिन्द हेम्ब्रम, उपाध्यक्ष तारामनी बांदिया, टाटा चातर, दीपक बोयपाई, मानकी-मुंडा संघ के जिलाध्यक्ष कोल झारखंड बोदरा, पूर्व जिलाध्यक्ष गणेश गागराई सहित हीरामुनी बानसिंह, पायल सुरीन, गोनो हेस्सा, चोकरो मुंडरी, सुमीमाई पुरती, सुष्मिता पाड़ेया, शुरूमाई पुरती और जानो देवगम जैसे कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस पुनर्गठन और जागरूकता अभियान ने “हो” समाज के युवाओं में संगठन के प्रति एक नई ऊर्जा और जिम्मेदारी की भावना का संचार किया है। सामाजिक विकास में भागीदारी के इस प्रयास को लेकर स्थानीय स्तर पर सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है।