Regional

ईडी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का हल्लाबोल, चाईबासा में फूंका गया प्रधानमंत्री का पुतला कांग्रेस नेताओं पर ईडी की कार्रवाई को बताया राजनीति से प्रेरित, केंद्र सरकार पर जमकर बरसे नेता

 

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा की गई कार्रवाई और आरोप पत्र दाखिल किए जाने के विरोध में बुधवार शाम को चाईबासा में जिला कांग्रेस कमिटी, प. सिंहभूम के बैनर तले जोरदार विरोध प्रदर्शन किया गया। कांग्रेस भवन, चाईबासा से शुरू हुए प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और शहीद पार्क चौक पहुँचकर प्रधानमंत्री का पुतला फूंका।

इस मौके पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास ने कहा कि जब भी भाजपा अपने खोखले विकास के दावों की पोल खुलती देखती है, तब वह जांच एजेंसियों की आड़ में अपने विरोधियों को दबाने का प्रयास करती है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई दुर्भावना से प्रेरित है और यह भाजपा की तानाशाही सोच को उजागर करती है।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ चांपिया ने कहा कि जांच एजेंसियों का राजनीतिक उपयोग लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने कहा कि जिस परिवार ने देश के लोकतंत्र को मजबूत करने में अपना जीवन समर्पित कर दिया, जिनके अपने राष्ट्र के लिए शहीद हुए, आज उन्हीं के उत्तराधिकारियों को राजनीतिक प्रतिशोध का शिकार बनाया जा रहा है।

जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास बलिदान और संघर्ष से भरा हुआ है। भाजपा यह भूल रही है कि कांग्रेस किसी दबाव में झुकने वाली पार्टी नहीं है। हमारा संकल्प संविधान, लोकतंत्र और न्याय की रक्षा के लिए अडिग है।

विरोध प्रदर्शन और पुतला दहन कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर दास, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र नाथ चांपिया, जिला प्रवक्ता त्रिशानु राय, जिला सचिव जानबी कुदादा, कामगार कांग्रेस जिलाध्यक्ष हसलुद्दीन खान, एनएसयूआई जिला उपाध्यक्ष अनीष गोप, पूर्व जिला कोषाध्यक्ष राधा मोहन बनर्जी, कामगार कार्यकारी अध्यक्ष सुरज मुखी, उपाध्यक्ष राज बेहरा, सचिव शाहरुख अली, वरीय कांग्रेसी राम सिंह सावैयां, संतोष सिन्हा, जिला कार्यकारिणी सदस्य विजय सिंह तुबिद, चुनी लाल हेम्ब्रम, रंगिया सुंडी, टोयल सुरीन, विघ्न राज दास, जोगोर पुरती, राजेश्वर यादव, सुशील दास समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।

Related Posts