Regional

चाईबासा के गौशाला रोड में जॉगर्स पार्क का भव्य लोकार्पण, मंत्री दीपक बिरुवा ने किया उद्घाटन, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पश्चिम सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा के गौशाला रोड स्थित जमीन पर सामाजिक वानिकी प्रमंडल, चाईबासा द्वारा निर्मित जॉगर्स पार्क का भव्य लोकार्पण शनिवार को किया गया। उद्घाटन समारोह में झारखंड राज्य के राजस्व एवं भूमि सुधार तथा परिवहन विभाग के मंत्री दीपक बिरुवा ने फीता काटकर पार्क का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर जिले के प्रशासनिक व वन विभाग के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। इनमें जिला उपायुक्त कुलदीप चौधरी, पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर, सारंडा वन प्रमंडल पदाधिकारी अभिरूप सिंहा, पोड़ाहाट वन प्रमंडल पदाधिकारी नीतीश कुमार तथा सामाजिक वानिकी से जुड़े प्रमंडल के वन प्रमंडल पदाधिकारी आर.पी. सिंह सहित श्री चाईबासा गौशाला ट्रस्ट के सदस्यगण शामिल थे।

*पार्क में भ्रमण कर जानी गई सुविधाएं*
उद्घाटन के उपरांत मंत्री श्री बिरुवा एवं उपस्थित पदाधिकारियों ने पार्क का भ्रमण किया और वहां पर मौजूद सुविधाओं—जैसे जॉगिंग ट्रैक, हरियाली क्षेत्र, बैठने की व्यवस्था एवं अन्य निर्माण—की सराहना की। इस क्रम में पार्क में अधिष्ठापित शिलापट्ट का भी अनावरण किया गया, जिससे पार्क निर्माण की जानकारी आमजन तक पहुँच सके।

*पर्यावरण संरक्षण का संदेश*
कार्यक्रम को विशेष रूप से पर्यावरण संरक्षण से जोड़ते हुए उपस्थित सभी अतिथियों एवं गणमान्य जनों द्वारा पार्क परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इसके साथ ही सामाजिक वानिकी प्रमंडल की ओर से कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को वृक्षारोपण हेतु पौधों का वितरण भी किया गया, ताकि नागरिकों में हरियाली के प्रति जागरूकता बढ़े और पर्यावरण के संरक्षण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

*स्थानीय नागरिकों के लिए उपयोगी पहल*
जॉगर्स पार्क का निर्माण चाईबासा वासियों के लिए एक स्वस्थ जीवनशैली को अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। शहरवासियों को सुबह-शाम सैर, व्यायाम एवं मन की शांति के लिए यह पार्क एक सुगम और सुंदर स्थल उपलब्ध कराएगा।

मंत्री दीपक बिरुवा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा, “पर्यावरण संरक्षण और सार्वजनिक स्वास्थ्य दोनों ही सरकार की प्राथमिकताओं में हैं। इस प्रकार के पार्क शहरों को न केवल हरियाली प्रदान करते हैं, बल्कि नागरिकों को स्वस्थ रहने के लिए प्रेरित भी करते हैं।”

Related Posts