झामुमो-कांग्रेस गठबंधन संविधान के नाम पर कर रहा है राजनीति : भाजपा प्रवक्ता जितेंद्र नाथ ओझा का आरोप

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: भारतीय जनता पार्टी के चाईबासा जिला प्रवक्ता जितेंद्र नाथ ओझा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह गठबंधन सिर्फ “संविधान की रक्षा” की आड़ में राजनीतिक नौटंकी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह तथाकथित महागठबंधन न तो आदिवासियों के हित में है और न ही संविधान की मूल भावना के अनुरूप कोई काम कर रहा है। यह सिर्फ तुष्टिकरण, भ्रष्टाचार और भ्रम की राजनीति करता है।
ओझा ने कहा कि इस गठबंधन की पूरी राजनीति समाज को बाँटने और वोट बैंक को खुश करने पर टिकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और झामुमो केवल मुस्लिम तुष्टिकरण की राजनीति कर रहे हैं और संविधान में ‘सेकुलर’ शब्द जोड़कर उसे अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह शब्द अब केवल एक विशेष वर्ग को खुश करने का उपकरण बन गया है।
भाजपा प्रवक्ता ने हिंदू त्योहारों पर हो रहे हमलों और राजनीतिक चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि रामनवमी, हनुमान जयंती और सरहुल जैसे पर्वों के दौरान जब हिंदू आस्थाओं पर आक्रमण होते हैं, तो ये पार्टियाँ चुप्पी साध लेती हैं। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड और हिंदू विरोधी मानसिकता का प्रमाण बताया।
ओझा ने यह भी आरोप लगाया कि झामुमो–कांग्रेस सरकार राज्य में फैले घोटालों, प्रशासनिक असफलताओं और जनता के साथ किए गए विश्वासघात से ध्यान भटकाने के लिए भाजपा पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने कहा कि ये लोग जब संवैधानिक संस्थाएं इनके पक्ष में नहीं जातीं, तो वही संस्थाएं इन्हें पक्षपाती लगने लगती हैं। यह चयनात्मक सम्मान और आलोचना संविधान की मर्यादा के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी संविधान, लोकतंत्र और झारखंड की अस्मिता की रक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। भाजपा आदिवासी समाज के सशक्तिकरण, विकास, सुरक्षा और सामाजिक समरसता के लिए लगातार काम कर रही है।
प्रवक्ता ने दावा किया कि जनता अब इस गठबंधन के असली चेहरे को पहचान चुकी है। उन्होंने कहा कि झामुमो–कांग्रेस गठबंधन के पास न कोई नीति है, न दूरदृष्टि और न ही समाधान। उनकी पूरी राजनीति सिर्फ भाजपा के विरोध पर आधारित है, लेकिन अब राज्य की जनता उन्हें करारा जवाब देने को तैयार है।