Regional

पास्का जागरण में ईसा मसीह के पुनरुत्थान का पर्व श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड:चाईबासा में संत जेवियर्स स्कूल मैदान में रोमन कैथोलिक ईसाइयों द्वारा पास्का जागरण कर ईस्टर का पर्व श्रद्धा, आस्था और उत्साहपूर्वक मनाया गया। देर रात शुरू हुई आराधना प्रार्थना का आरंभ अंधकार में किया गया, जिसमें विश्वासियों ने मोमबत्तियां जलाकर प्रभु यीशु के पुनरुत्थान की प्रतीक ‘अल्लेलुइया’ की गूंज के साथ आध्यात्मिक वातावरण को भक्तिमय बना दिया।

जागरण के दौरान बाइबल के पांच पाठ पढ़े गए, जिनमें ईश्वर द्वारा संसार और समस्त जीवों की रचना की व्याख्या की गई। संदेश दिया गया कि मनुष्य को सही और गलत का बोध है और वह प्रेम के बल पर समाज में बदलाव ला सकता है। ईसा मसीह का जीवन, उनकी शिक्षाएं और पुनरुत्थान मानव जाति के लिए प्रेम, क्षमा और पापों से मुक्ति का संदेश है।

मुख्य अनुष्ठाता फादर अगस्टिन कुल्लू ने मिस्सा पूजा चढ़ाई और अपने संदेश में कहा कि ईसा मसीह के पुनरुत्थान को हमें अपने जीवन में एक नई शुरुआत के रूप में आत्मसात करना चाहिए। उन्होंने सभी को प्रेम, दया और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।

प्रार्थना के दौरान पल्ली के कोयर दल ने रोबिन बलमुचू, आलोक मिंज, संजीव कुमार बलमुचू, अमातुस तोपनो, सुनीता हेम्ब्रम, रोयलेन तोपनो की अगुवाई में ईसा मसीह के पुनरुत्थान से संबंधित गीतों का मधुर गायन किया, जिससे माहौल भावविभोर हो गया। धर्मविधियों की उद्घोषणा ब्रदर अनिल द्वारा की गई।

प्रार्थना के अंत में जल को आशीष कर पवित्र जल के रूप में वितरित किया गया। कार्यक्रम में पल्ली पुरोहित निकोलस केरकेट्टा और फादर रंजीत ने सहयोग किया।

इस अवसर पर आशीष बिरुवा, रोबर्ट सावैयां, सिस्टर ज्योत्स्ना, सिस्टर नीलिमा, किशोर तामसोय, जेवियर देवगम, निस्तर देवगम, राकेश तिग्गा, जुलियाना देवगम, किरण तोपनो, गंगामोती दोंगो, ज्योति बिरुवा, एलिस बेक, एलिजाबेथ केरकेट्टा, जगरानी सुंडी सहित बड़ी संख्या में ईसाई श्रद्धालु उपस्थित थे।

ईस्टर संडे को भी विशेष रूप से मनाया गया, जिसमें फादर निकोलस केरकेट्टा ने हिंदी में एवं फादर अगस्टिन कुल्लू ने हो भाषा में मिस्सा चढ़ाते हुए मानवता को ईसा मसीह के प्रेम, त्याग और करुणा का संदेश जीवन में अपनाने का उपदेश दिया।

Related Posts