संविधान की दुहाई देकर जनता को गुमराह कर रही भाजपा : झामुमो प्रवक्ता लागुरी का आरोप*

न्यूज़ लहर संवाददाता
झारखंड: पश्चिम सिंहभूम जिला झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के जिला प्रवक्ता बुधराम लागुरी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा लगातार संविधान की मूल आत्मा, विशेषकर धर्मनिरपेक्षता की अवधारणा को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा प्रतिदिन संविधान की हत्या करने पर आमादा है, और अब उसी संविधान की दुहाई देकर जनता की आंखों में धूल झोंक रही है।
लागुरी ने कहा कि भाजपा की राजनीति शुरू से ही विभाजनकारी रही है, जो जाति और धर्म के नाम पर समाज को बांट कर अपना राजनीतिक लाभ उठाना चाहती है। उन्होंने भाजपा की मानसिकता को “झूठ, दंगाई और धोखा” करार दिया।
वक्फ कानून पर सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी के बाद भाजपा द्वारा उठाए गए मुद्दों पर प्रतिक्रिया देते हुए लागुरी ने कहा कि भाजपा इस फैसले से आहत है और अब धर्म आधारित राजनीति कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि जिला भाजपा द्वारा आयोजित हालिया धरना प्रदर्शन पूरी तरह विफल रहा, जिसमें आम जनता की भागीदारी नगण्य रही।
लागुरी ने जोर देकर कहा कि इंडिया गठबंधन संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करता है, जबकि भाजपा संविधान में बदलाव कर देश को एक विशेष विचारधारा की ओर ले जाना चाहती है।